
पानीपत: मिठाई की दुकान पर फायरिंग करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, 6 दिन की पुलिस रिमांड पर
पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र में गुड़ मंडी की मिठाई दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर डर फैलाने और रंगदारी मांगने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपियों को 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है, ताकि पुलिस उनकी गहन पूछताछ कर सके और इनके गैंग कनेक्शन, अवैध हथियारों की सप्लाई तथा अन्य फरार साथियों का पता लगा सके।

एसएसपी पानीपत हर्षित गोयल ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सीआईए-3 टीम को सोमवार देर शाम बुड़शाम नहर पुल के पास आरोपियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली। टीम ने घेराबंदी कर निखिल उर्फ लाखन (बिहोली), प्रिंस (डाहर) और वंश (नारायणा) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 3 देशी पिस्तौल और 2 जिंदा राउंड बरामद हुए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह वारदात केवल रंगदारी के लिए नहीं, बल्कि इलाके में डर और दबदबा कायम करने के मकसद से की गई थी। मुख्य आरोपी निखिल उर्फ लाखन ने बताया कि उसकी डाहर निवासी सुनील उर्फ शीलू से पुरानी दोस्ती है। शीलू ने अपना दबदबा बढ़ाने के लिए निखिल, प्रिंस और वंश को 50-50 हजार रुपये का लालच देकर तैयार किया। इसके बाद तीनों ने 6 जनवरी की रात हथियारों के साथ गुड़ मंडी पहुंचकर मिठाई की दुकान पर फायरिंग की और रंगदारी की मांग की।
एसएसपी हर्षित गोयल ने यह भी बताया कि निखिल उर्फ लाखन शातिर और हिस्ट्रीशीटर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ मारपीट, झगड़ा और जबरन वसूली के चार मामले दर्ज हैं, जिनमें से तीन मामलों में वह पीओ घोषित हो चुका है।

