
अंबाला। जिला मुख्यालय पर वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में लोगों की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। नगराधीश अभिषेक गर्ग ने शिविर में स्वयं उपस्थित होकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की एक-एक कर शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में दुखेड़ी निवासी राजकुमार और मोची मंडी के आशा राम ने पेंशन से जुड़ी समस्याएं रखीं, जबकि रौलां की बलविंदर कौर तथा सपेड़ा के राजबाला, सुरेशो और लाभ सिंह ने राशन कार्ड बनवाने की मांग की। सिंघावाला की निर्मल कौर ने परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय संशोधन का आग्रह किया और शेरगढ़ के वीरेंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।
इसके अलावा मोखा माजरा के प्रेम सिंह ने पंचायती गलियों पर अवैध कब्जों की शिकायत की, वहीं शहजादपुर के कर्ण सिंह ने हाईवे से खेत तक जाने वाले रास्ते को खुलवाने की मांग रखी। ठरवा के दलबीर सिंह ने रिहायशी प्लॉट से बिजली का खंभा हटाने और बब्याल की शेरो देवी ने पारिवारिक विवाद के समाधान की अपील की।
नगराधीश अभिषेक गर्ग ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिविर में बिजली निगम के एसडीओ जोगिंद्र, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ हरमिलाप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और मौके पर ही कई मामलों की जांच शुरू की गई।

