
माघ अमावस्या मेले पर उमड़ेगी आस्था की भीड़, चित्रकूटधाम के लिए रेलवे ने चलाईं दो मेला स्पेशल ट्रेनें
माघ अमावस्या के पावन अवसर पर चित्रकूटधाम में लगने वाले विशाल मेले को लेकर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी मौनी अमावस्या पर देश-प्रदेश से लाखों श्रद्धालु चित्रकूटधाम पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से चित्रकूटधाम कर्वी के लिए दो मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।

ये दोनों विशेष ट्रेनें 17 जनवरी से 19 जनवरी तक चलेंगी। पहली मेला स्पेशल ट्रेन झांसी से सुबह 10:10 बजे प्रस्थान करेगी और रास्ते में कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 5:45 बजे चित्रकूटधाम कर्वी पहुंचेगी। यह ट्रेन बुंदेलखंड क्षेत्र के कई स्टेशनों जैसे ओरछा, रानीपुर रोड, मऊरानीपुर, महोबा, बांदा और अतर्रा से होकर गुजरेगी, जिससे दूर-दराज के श्रद्धालुओं को सीधी सुविधा मिलेगी।
वापसी यात्रा में यह ट्रेन शाम 7:25 बजे चित्रकूटधाम कर्वी से रवाना होकर रात एक बजे झांसी स्टेशन पहुंचेगी।
दूसरी मेला स्पेशल ट्रेन झांसी से शाम सात बजे चलेगी और रात 1:45 बजे चित्रकूटधाम कर्वी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन मध्यरात्रि 3:25 बजे चित्रकूटधाम से चलकर सुबह 11 बजे झांसी स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। जरूरत पड़ने पर झांसी-बांदा मेमो ट्रेन को भी चित्रकूटधाम तक बढ़ाया जाएगा। साथ ही प्रयागराज मंडल की ओर से कानपुर से चित्रकूट के बीच भी मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
रेलवे की इस पहल से माघ अमावस्या मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और यात्रा सुगम व सुरक्षित होगी।



