
पंजाब में सर्दी ने तोड़े रिकॉर्ड, अमृतसर–पटियाला में सीवियर कोल्ड डे; घना कोहरा और बारिश का अलर्ट
चंडीगढ़
पंजाब इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। लगातार गिरते तापमान और कम होती दृश्यता ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया, जिसके चलते अमृतसर और पटियाला में सीवियर कोल्ड डे घोषित किया गया। सुबह से ही सड़कों पर कोहरे की मोटी चादर छाई रही, जिससे जनजीवन लगभग थम सा गया।

सबसे अधिक असर अमृतसर में देखने को मिला, जहां घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। एसबीएस नगर में हालात और भी गंभीर रहे, जहां केवल 5 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई। बठिंडा और फरीदकोट में यह 50 मीटर से कम रही, जबकि पटियाला में 70 मीटर और गुरदासपुर में 100 मीटर तक ही दिखाई दे सका। कोहरे की वजह से वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 8 डिग्री से अधिक नीचे चला गया। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया। बठिंडा 3.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा।
राज्य के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान अमृतसर में 4.3 डिग्री, पटियाला 4.4, गुरदासपुर 3.5, लुधियाना 5.4, एसबीएस नगर 4.5, फरीदकोट 5.1, होशियारपुर 5.6 और रूपनगर में 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान अमृतसर में 8.8, पटियाला 9.6, लुधियाना 10.8, पठानकोट 8.5 और बठिंडा में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को भी कई इलाकों में बेहद घना कोहरा छाए रहने की संभावना है और कुछ क्षेत्रों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। इसके साथ ही विभाग ने 18 जनवरी से अगले तीन दिनों तक पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। बारिश के बाद ठंड और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घने कोहरे का सीधा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय सड़कें लगभग सुनसान रहीं। कई जगहों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए, जिससे जाम की स्थिति भी बनी। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल पंजाब को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं। आने वाले दिनों में शीतलहर और कोहरे का असर बरकरार रह सकता है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होता रहेगा।


