
चंडीगढ़ में पार्क में सिल्ली से बेरहमी: 37 वर्षीय व्यक्ति की 15 वारों से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़ में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते छह दिनों में यह हत्या की तीसरी वारदात सामने आई है। गुरुवार रात सेक्टर-40 सी में डीपीएस स्कूल के सामने स्थित पार्क में एक व्यक्ति को बेरहमी से मारा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के दौरान मृतक बड़माजरा निवासी 37 वर्षीय विवेक उर्फ शैंकी बेंच पर सो रहा था। अचानक पार्क में पहुंचा 50 वर्षीय आरोपी विनोद उर्फ कुकू, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का निवासी है, पास पड़ी सिल्ली उठाकर विवेक पर ताबड़तोड़ 15 वार कर देता है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतक सेक्टर-40 क्षेत्र में शोरूम और पार्कों में रहकर गुजारा करते थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश थी।
सेक्टर-56 चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह की टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की। इसके बाद आरोपी को सेक्टर-39 थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। वारदात के बाद आरोपी लगातार छिपा हुआ था।
घटना के दौरान पार्क में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले लोगों को लगा कि कोई व्यक्ति नशे की हालत में सो रहा है। जब पास जाकर देखा गया तो विवेक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था और खून से सनी सिल्ली पास पड़ी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से झगड़ा चल रहा था। आरोपी ने अचानक पार्क में मिलने के बाद यह वारदात की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को चित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है
अधिकारी लोगों से अपील कर रहे हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें। घटना ने राजधानी में बढ़ते अपराध और सार्वजनिक सुरक्षा की संवेदनशीलता को फिर से उजागर किया है।


