
अमेरिका से भारत लाया गया कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल, हरियाणा पुलिस की STF ने IGI एयरपोर्ट पर दबोचा
हरियाणा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े फरार गैंगस्टर अमन कुमार उर्फ अमन भैंसवाल को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, साल 2025 के बाद यह किसी भगोड़े अपराधी को वापस लाने की छठी बड़ी सफलता है। वहीं अमेरिकी एजेंसियों के सहयोग से किया गया यह हरियाणा पुलिस का दूसरा अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन माना जा रहा है।
कौन है अमन भैंसवाल?
अमन भैंसवाल हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक कुख्यात अपराधी रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी वसूली, फायरिंग और अवैध हथियार रखने जैसे करीब 10 संगीन मामले दर्ज हैं। वह सोनीपत, रोहतक, झज्जर और एनसीआर क्षेत्र में फैले आपराधिक नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
जांच में सामने आया है कि अमन 20 जून 2024 को भारत से फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पूर्वी दिल्ली के पते का इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया। इसके बाद वह पहले कुवैत गया और फिर अमेरिका पहुंच गया।
कानूनी शिकंजा और पुलिस की सख्त चेतावनी
सोनीपत के गोहाना थाने में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पासपोर्ट अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया, इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस हासिल किया और उसे घोषित अपराधी भी करार दिया गया।
हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि विदेश भागकर या फर्जी पहचान बनाकर कोई भी अपराधी कानून से नहीं बच सकता। चाहे अपराधी देश में हो या विदेश में, हरियाणा पुलिस उसे ढूंढ निकालकर न्याय के सामने पेश करेगी।

