
अमृतसर में दिनदहाड़े सुनार पर जानलेवा हमला, 425 ग्राम सोना लेकर फरार हुए हथियारबंद बदमाश; CCTV में कैद हुई वारदात
शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर देखने को मिले जब दिनदहाड़े एक सुनार पर हमला कर बड़ी मात्रा में सोना लूट लिया गया। बाइक से जा रहे सुनार को पहले कार से टक्कर मारी गई, फिर किरपानों से हमला कर बदमाश 425 ग्राम सोना लेकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित की पहचान अंतर्यामी कॉलोनी निवासी मुख्तियार सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से सुनार हैं। बताया जा रहा है कि वे फ्लावर स्कूल के पास किसी काम से जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने पीछे से उनकी बाइक को कार से टक्कर मार दी। गिरने के बाद आरोपियों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
जान बचाने के लिए मुख्तियार सिंह भागे, लेकिन बदमाश किरपानें लहराते हुए उनके पीछे दौड़े और डराकर उनके पास मौजूद करीब 425 ग्राम सोना लूट लिया। इसके बाद आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उन्हें पिछले एक महीने से लगातार रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं, जिससे वे पहले से ही भयभीत थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार लूट की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।


