
अमेठी में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद गोकशी गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार
अमेठी जिले में गोकशी के एक संवेदनशील मामले का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सिंहपुर क्षेत्र के इन्हौना थाना अंतर्गत पहाड़पुर गांव के जंगल में हुई घटना के बाद पुलिस ने 12 घंटे के भीतर मुठभेड़ कर मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी जुनैद अहमद ने घिरने पर पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। फिलहाल उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार दोपहर पहाड़पुर गांव के जंगल में गोकशी की सूचना मिलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्र और थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को जानकारी दी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कई टीमों का गठन किया। शनिवार तड़के करीब पांच बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जयनगरा क्षेत्र के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही मुख्य आरोपी ने भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी, लेकिन जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और पकड़ा गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम बताए, जिसके आधार पर पुलिस ने दो महिलाओं सहित कुल छह लोगों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। मौके पर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
इस कार्रवाई में सीओ दिनेश कुमार मिश्र, थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह, मोहनगंज कोतवाल राकेश सिंह और जायस थानाध्यक्ष अमरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।



