राज्य

होशियारपुर में AAP नेता की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने दुकान को बनाया निशाना; गांव में तनाव

पंजाब के होशियारपुर जिले में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब आम आदमी पार्टी से जुड़े एक नेता की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। टांडा उड़मुड़ के गांव मियानी में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। तीन बाइकों पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने एक हार्डवेयर दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें दुकानदार और आप नेता बलविंदर सिंह सतकरतार की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर सीधे सतकरतार हार्डवेयर की दुकान पर पहुंचे और बिना कुछ कहे गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले के दौरान दुकान में मौजूद गांव मटीयाना निवासी लखविंदर सिंह को भी गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल लखविंदर सिंह को तुरंत टांडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बलविंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि लखविंदर सिंह की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।

इस सनसनीखेज हत्या से गांव में डर और तनाव का माहौल है। कई दुकानों ने अपने शटर गिरा लिए और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। सूचना मिलते ही डीएसपी दविंदर सिंह बाजवा और थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर तीन बाइकों पर सवार थे और उन्होंने 30 बोर की पिस्टल से फायरिंग की। घटनास्थल से सात खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है और उनकी बारीकी से जांच की जा रही है।

डीएसपी दविंदर सिंह बाजवा ने कहा कि हत्या के पीछे की वजहों को लेकर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। राजनीतिक रंजिश, पुरानी दुश्मनी या अन्य किसी कारण से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हमलावरों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button