
मोदी का दक्षिण भारत मिशन: केरल को विकास की रफ्तार, तमिलनाडु से चुनावी हुंकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केरल और तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे, जहां एक ओर वे विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे तो दूसरी ओर तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए के प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। यह दौरा दक्षिण भारत में राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।

अपने दौरे की शुरुआत प्रधानमंत्री केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से करेंगे। यहां वे रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए चार नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। ये ट्रेन सेवाएं केरल को तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से जोड़ेंगी, जिससे आवागमन के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स के लिए क्रेडिट कार्ड सुविधा की शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर लगभग एक लाख लाभार्थियों को ब्याज मुक्त ऋण वितरित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल मिलेगा और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम में विज्ञान और स्वास्थ्य से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं की नींव भी रखेंगे। सीएसआईआर-एनआईआईएसटी नवाचार एवं उद्यमिता हब की आधारशिला रखी जाएगी, जहां आयुर्वेद और आधुनिक जैव प्रौद्योगिकी पर शोध को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा श्री चित्रा तिरुनल संस्थान में अत्याधुनिक रेडियोसर्जरी केंद्र की नींव और पूजापुरा में नए प्रधान डाकघर का उद्घाटन भी कार्यक्रम में शामिल है।
केरल के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री चेन्नई पहुंचेंगे और वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए तमिलनाडु के मदुरंथकम (चेंगलपट्टू) जाएंगे। दोपहर करीब 3 बजे वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा-नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के चुनावी अभियान का शंखनाद माना जा रहा है।
रैली में अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) सहित एनडीए के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता मंच साझा करेंगे। इससे पहले भाजपा के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने सहयोगी दलों के साथ बैठक कर रणनीति को अंतिम रूप दिया और दावा किया कि आगामी चुनाव में एआईएडीएमके के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन राज्य में सत्ता में आएगा।
केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने रैली स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कहा कि यह जनसभा तमिलनाडु की राजनीति में बदलाव की शुरुआत साबित होगी। उन्होंने द्रमुक सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता भ्रष्टाचार और वंशवादी राजनीति से मुक्ति चाहती है।
शाम करीब 5 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। कुल मिलाकर, यह दौरा केरल में विकास की नई पहल और तमिलनाडु में राजनीतिक संदेश—दोनों का संतुलित संगम बनकर उभर रहा है।
