उत्तर प्रदेश

बागपत में गोलियों की गूंज: बड़ौत में खुलेआम फायरिंग, कक्षा दो के मासूम के पेट में लगी गोली; इलाके में दहशत

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत नगर में गुरुवार रात कानून-व्यवस्था को चुनौती देती सनसनीखेज वारदात सामने आई। खत्रीगढ़ी मोहल्ले में मामूली कहासुनी के बाद हालात इतने बिगड़ गए कि खुलेआम फायरिंग होने लगी। इस दौरान एक मासूम बच्चा गोली का शिकार हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गली में दो पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। इसी बीच एक युवक अपने मकान की छत पर चढ़ गया और अवैध तमंचा निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। गोलियों की आवाज से मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।

इसी अफरा-तफरी के बीच एक गोली दीपक वर्मा के 10 वर्षीय बेटे हर्ष के पेट में जा लगी। हर्ष कक्षा दो का छात्र है और उस वक्त घर के बाहर मौजूद था। गोली लगते ही बच्चा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों की चीखें सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी युवक तमंचे की बट से हमला करता हुआ मौके से फरार हो चुका था।

घटना के बाद पूरे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। घायल बच्चे को आनन-फानन में लेकर परिजन कोतवाली पहुंचे, जहां से उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की हालत स्थिर बताई है, लेकिन घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की, खाली कारतूस तलाशे और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। बच्चे के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

जांच अधिकारी मनोज कुमार चहल ने बताया कि दो युवकों के विवाद ने उग्र रूप ले लिया था। एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर तक पहुंच गए, जिसके बाद पथराव और फायरिंग हुई। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

इस सनसनीखेज घटना के बाद खत्रीगढ़ी मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं। लोगों ने क्षेत्र में अवैध हथियारों पर सख्त कार्रवाई और स्थायी पुलिस गश्त की मांग की है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button