
मोगा में एनकाउंटर: पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल, दो फरार
पंजाब के मोगा जिले में रविवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। इस एनकाउंटर में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। घायल बदमाशों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, 28 जनवरी को मोगा के कोट ई सेखा क्षेत्र के पास से चार बदमाशों ने एक किआ कार चोरी की थी। इस वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को रविवार को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की गई किआ कार मोगा इलाके में घूम रही है और उसमें सवार बदमाश किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही मोगा पुलिस की सीआईए टीम, धर्मकोट पुलिस और कोट ई सेखा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस टीमों ने इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद किआ कार को मोगा के गांव चुग्गा लिंक रोड पर देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया।
खुद को घिरा देख कार में सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। हालात को देखते हुए पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। इसी बीच दो अन्य बदमाश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने घायल बदमाशों को तुरंत काबू में लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उनकी पहचान विशाल निवासी हरिके और बॉबी निवासी फतेहगढ़ पंचतुर के रूप में हुई है। वहीं, फरार बदमाशों की पहचान हरप्रीत और साहिल बताई जा रही है। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग की, जबकि पुलिस की ओर से पांच राउंड फायर किए गए। मौके से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं और चोरी की किआ कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही मोगा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब घायल बदमाशों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


