
अंतरराष्ट्रीय साजिश की परतें खुलीं: पाक ड्रोन से आया विस्फोटक, अंबाला के थाने को उड़ाने की थी योजना
हरियाणा के अंबाला शहर में स्थित बलदेव नगर थाने को निशाना बनाकर रची गई एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया है कि यह साजिश सीमा पार से संचालित की जा रही थी, जिसमें पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए विस्फोटक सामग्री भारत भेजी गई। इस विस्फोटक को पंजाब के फिरोजपुर इलाके में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया था, ताकि बाद में इसका इस्तेमाल हरियाणा के किसी बड़े थाने को उड़ाने के लिए किया जा सके।

इस साजिश को अंजाम देने के लिए फिरोजपुर के रहने वाले दो सगे भाइयों—सौरभ और आकाश—को मोहरा बनाया गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों भाइयों को पहले सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में लिया गया और फिर धीरे-धीरे उन्हें पैसों और बेहतर भविष्य का लालच देकर इस खतरनाक मिशन में शामिल कर लिया गया।
फेसबुक से शुरू हुआ संपर्क, विदेश से आने लगी कॉल
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि करीब डेढ़ महीने पहले दोनों भाइयों की फेसबुक पर विदेश में बैठे कुछ लोगों से जान-पहचान हुई। इसके बाद व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से लगातार बातचीत होने लगी। शुरुआत में सामान्य कॉल आती थीं, लेकिन बाद में वीडियो कॉल के जरिए भी निर्देश दिए जाने लगे।
इन्हीं बातचीत के दौरान आरोपितों को हरियाणा के किसी बड़े थाने की रेकी करने को कहा गया। साथ ही निर्देश मिला कि एक पुरानी कार खरीदी जाए, जिसे बाद में टारगेट किए गए थाने के पास खड़ा किया जाना था। इसके लिए दोनों भाइयों के बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इनमें से करीब 60 हजार रुपये में एक पुरानी कार भी खरीद ली गई।
विदेश में बसाने का झांसा, नशे का एंगल भी शक के घेरे में
जांच एजेंसियों का मानना है कि केवल पैसों का ही नहीं, बल्कि विदेश में सेटल करवाने का सपना दिखाकर भी दोनों भाइयों को फंसाया गया। इसके अलावा, नशे का एंगल भी इस पूरे मामले में सामने आ रहा है। पुलिस के मुताबिक, एक भाई पर पहले से ही दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक चिट्टे (हेरोइन) से जुड़ा है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उन्हें नशे की आपूर्ति या उसके लालच में भी इस साजिश का हिस्सा बनाया गया हो।
ड्रोन से आई विस्फोटक सामग्री, तलाश जारी
अब तक की जांच में यह साफ हो चुका है कि विस्फोटक सामग्री ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भारत भेजी गई थी और उसे फिरोजपुर क्षेत्र में किसी अज्ञात व्यक्ति ने झाड़ियों में छिपाकर रखा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब उस व्यक्ति की तलाश में जुटी हैं, जिसने विस्फोटक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और छिपाया।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच तेज
अंबाला पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं। पूछताछ का दायरा बढ़ाया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और इसका अंतिम टारगेट केवल अंबाला था या हरियाणा के अन्य जिले भी इस साजिश के दायरे में थे।
फिलहाल दोनों आरोपित भाइयों से लगातार पूछताछ की जा रही है और पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में इस अंतरराष्ट्रीय साजिश से जुड़े कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

