
हाईकोर्ट केस से टूटे रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर, लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को मारी गोली; सिर के आर-पार हुआ फायर
पंजाब के फगवाड़ा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पंजाब पुलिस से सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। गोली सीधे सिर के आर-पार निकल गई, जिससे मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई और अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 71 वर्षीय करमजीत सिंह, निवासी गली नंबर-3, मोहल्ला गुरु नानकपुरा, फगवाड़ा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

कमरे से आई गोली की आवाज, खून से सना मिला शव
रविवार को अचानक करमजीत सिंह के कमरे से गोली चलने की तेज आवाज आई। आवाज सुनकर परिजन घबराकर अंदर पहुंचे तो देखा कि फर्श पर खून फैला हुआ है और करमजीत सिंह गंभीर हालत में पड़े हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक एक्स-रे रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि गोली सिर के आर-पार हो चुकी थी।
हाईकोर्ट में चल रहे पुराने केस से थे परेशान
घटना की पुष्टि करते हुए एसपी फगवाड़ा माधवी शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।
करमजीत सिंह वर्ष 2015 में पंजाब पुलिस से सब-इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वे 1992 के एक आपराधिक मामले में नामजद थे, जो वर्तमान में हाईकोर्ट में लंबित था।
हाल ही में उन्हें हाईकोर्ट से संबंधित मामले में कानूनी सम्मन प्राप्त हुआ था, जिसके बाद से वे काफी परेशान चल रहे थे। पुलिस का मानना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कठोर कदम उठाया।
कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं
पुलिस ने मृतक के घर से लाइसेंसी पिस्तौल बरामद कर ली है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
एसपी माधवी शर्मा ने कहा,
“मामला पूरी तरह जांच के अधीन है। मानसिक, कानूनी और पारिवारिक सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।”
खुशमिजाज थे करमजीत, मोहल्ले में पसरा मातम
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि करमजीत सिंह एक मिलनसार और खुशमिजाज व्यक्ति थे। किसी ने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि वे ऐसा कदम उठाएंगे। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
करमजीत सिंह अपने पीछे पत्नी और एक बेटी को छोड़ गए हैं। घर में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पत्नी ने रोते हुए बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि ऐसा कुछ होने वाला है। उन्होंने बताया कि वह बेटी से कह रही थीं कि पिता को खाना दे आओ, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले में सभी तथ्यों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


