उत्तर प्रदेश

श्रद्धा पर हमला! बांकेबिहारी मंदिर में ‘दर्शन का सौदा’, पैसे न देने पर महिला श्रद्धालु की उंगलियां तोड़ीं; गार्ड को डंडे से पीटा

भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और आस्था के प्रतीक वृंदावन के श्रीबांकेबिहारी मंदिर में जो हुआ, उसने श्रद्धालुओं की रूह तक को झकझोर दिया है। जिस स्थान को शांति, भक्ति और विश्वास का केंद्र माना जाता है, वहीं अब दबंगई, धमकी और हिंसा के आरोप सामने आए हैं। दर्शन के लिए आई एक महिला श्रद्धालु के साथ कथित तौर पर ऐसा सलूक किया गया कि उसके हाथ की दो उंगलियां टूट गईं, जबकि मंदिर में तैनात एक सुरक्षा गार्ड को भी बेरहमी से पीट दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज की रहने वाली सुमित्रा शुक्रवार सुबह श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचीं थीं। महिला श्रद्धालु का आरोप है कि जैसे ही वह मंदिर परिसर में लगी रेलिंग के गेट से आगे बढ़ीं, तभी वहां मौजूद सेवायत मोहित गोस्वामी ने उनका हाथ पकड़ लिया।

“पैसे दो, तभी दर्शन होंगे”

पीड़िता के मुताबिक सेवायत ने साफ शब्दों में कहा—

“पैसे दोगी तो दर्शन कराऊंगा, नहीं तो यहीं से वापस जाओ।”

जब महिला ने इसका विरोध किया और दर्शन को अपना अधिकार बताया, तो आरोप है कि सेवायत ने गुस्से में आकर उनका हाथ जोर से मरोड़ दिया। दर्द से कराहती महिला वहीं गिर पड़ी। मंदिर में मौजूद लोगों के सामने ही उसकी हालत बिगड़ गई। मेडिकल जांच में सामने आया कि महिला की दो उंगलियों में फ्रैक्चर हो चुका है।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी सेवायत ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मंदिर परिसर में मौजूद चिकित्सा टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने चोट को गंभीर बताया।

FIR के बाद हरकत में आई पुलिस

पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि महिला श्रद्धालु की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा गार्ड भी नहीं बचे

इसी मंदिर परिसर से जुड़ी एक और घटना ने हालात को और गंभीर बना दिया है। मंदिर के प्रवेश द्वार संख्या दो पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ भी सेवायत द्वारा मारपीट का आरोप लगा है।

राजस्थान सिक्योरिटी एजेंसी की ओर से तैनात सुरक्षा गार्ड अनिल कुमार (निवासी: नगला चांद, सादाबाद) ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि ड्यूटी के दौरान एक वृद्ध सेवायत गोस्वामी उनसे बिना किसी वजह गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सेवायत ने डंडे से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।

गार्ड का आरोप है कि घटना के समय वहां मौजूद पुलिसकर्मी से शिकायत की गई, लेकिन कोई तत्काल मदद नहीं मिली। उस वक्त मौके पर सुरक्षा एजेंसी के अन्य गार्ड राहुल शर्मा और ज्योति शर्मा भी मौजूद थे।

पुलिस पर भी उठे सवाल

दोनों मामलों में एक बात समान है—मौके पर मौजूद पुलिस की निष्क्रियता। न महिला श्रद्धालु को तुरंत सुरक्षा मिली और न ही सुरक्षा गार्ड को। इसके बाद पीड़ितों को खुद कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी पड़ी।

सीओ सदर ने पुष्टि की है कि सुरक्षा गार्ड के साथ हुई मारपीट की शिकायत पर भी मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के बाद आरोपी सेवायत के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आस्था के केंद्र में डर का माहौल?

देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर साल बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में पैसे मांगने, धमकी देने और हिंसा जैसे आरोप सामने आना न केवल प्रशासन के लिए चुनौती है, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।

अब देखना यह है कि क्या आस्था के इस पवित्र स्थल पर दबंगई करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी वक्त के साथ ठंडा पड़ जाएगा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button