उत्तर प्रदेश

वाराणसी में एक दिन, कई कार्रवाई: जुए की फड़ पर छापा, पांच गिरफ्तार; अवैध कच्ची शराब के साथ दो दबोचे गए

वाराणसी जिले में मंगलवार को पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अपराध से जुड़े कई मामलों का खुलासा किया। जुआ खेलने, अवैध शराब की बिक्री, गुमशुदगी और मारपीट की घटनाओं पर पुलिस ने सक्रियता दिखाई, जिससे दिनभर कानून-व्यवस्था से जुड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं।

जुआ खेलते युवक पकड़े गए

जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालीपुरा स्थित अमरूद के मैदान में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। मौके से पांच युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 15,240 रुपये नकद और ताश की गड्डी बरामद की। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जुए की फड़ को समाप्त कराया। पकड़े गए युवकों की पहचान मनोज कुमार जायसवाल, राहुल सोनकर, लल्लू दूबे, शाहिद जमाल और सरफराज के रूप में हुई है। सभी आरोपी शैलपुत्री क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

अवैध शराब बिक्री पर शिकंजा

आदमपुर थाना पुलिस ने गोलगड्डा इलाके में रोडवेज बस स्टैंड के पास अवैध रूप से कच्ची शराब बेच रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लाट भैरव निवासी संजय गुप्ता और चौखंभा निवासी कैलाश चौरसिया शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि आबकारी बंदी के दौरान ऊंचे दामों पर शराब बेचने की योजना थी। पुलिस ने उनके कब्जे से 6.4 लीटर कच्ची शराब बरामद की है और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

किशोरी के लापता होने से परिजन परेशान

जैतपुरा थाना क्षेत्र के ईश्वरगंगी इलाके से एक किशोरी के लापता होने का मामला भी सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है।

घर में घुसकर मारपीट का मामला दर्ज

आदमपुर क्षेत्र के त्रिलोचन बाजार मच्छोदरी निवासी एक व्यक्ति ने पांच युवकों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जंगल में बम की अफवाह, जांच में निकला पटाखा

चांदपुर रेतापार जंगल में संदिग्ध वस्तु मिलने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि वह कोई विस्फोटक नहीं बल्कि जंगली सुअरों को भगाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला पटाखा था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वाराणसी में अपराध पर नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button