
रुड़की रोड पर आधे घंटे तक खौफ, दाव लेकर युवक ने चार लोगों पर किए जानलेवा वार
मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र स्थित रुड़की रोड पर बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक सिरफिरे युवक ने सरेआम तेजधार हथियार लेकर राहगीरों पर हमला शुरू कर दिया। करीब 30 मिनट तक चले इस घटनाक्रम ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। आरोपी ने चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिनमें एक ई-रिक्शा चालक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना दोपहर लगभग 2:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक, जिसकी पहचान देवबंद निवासी राहुल के रूप में हुई है, मोदीपुरम फ्लाईओवर के पास पहुंचा। वहां सड़क किनारे लोहे के औजार बेचने वाले एक वेंडर से उसने जबरन एक तेजधार दाव छीन लिया। हथियार हाथ में आते ही वह अनियंत्रित तरीके से सड़क पर दौड़ने लगा। आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझ में आता उससे पहले ही उसने राहगीरों को डराना और हमला करना शुरू कर दिया।
स्कूल के बाहर मचा हड़कंप
दाव लहराते हुए आरोपी सबसे पहले डीएमजी इंटर कॉलेज के बाहर पहुंचा। उस समय स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी और छात्र-छात्राएं घर लौट रहे थे। युवक के हाथ में चमकता हथियार देखकर बच्चों में चीख-पुकार मच गई। कई छात्र इधर-उधर भागने लगे। शोर सुनकर शिक्षक भी बाहर आए, लेकिन तब तक आरोपी आगे बढ़ चुका था।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक स्कूल बस में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन चालक ने दरवाजा बंद कर बस आगे बढ़ा दी। इसके बाद उसने एक चलते टेंपो में घुसने का प्रयास किया, पर चालक की सतर्कता से वह सफल नहीं हो पाया। इन घटनाओं से सड़क पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
चाय विक्रेता दंपती पर हमला
आगे बढ़ते हुए आरोपी सड़क किनारे चाय का खोखा चला रहे अब्दुल पर टूट पड़ा। अचानक हुए हमले से अब्दुल संभल भी नहीं पाए और घायल हो गए। पति को बचाने के लिए उनकी पत्नी रूबी बीच में आईं तो आरोपी ने उन पर भी दाव से वार कर दिया। इस हमले में रूबी की उंगली कट गई और खून बहने लगा। आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों को बचाया, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग निकला।
बेसमेंट में घुसकर किए ताबड़तोड़ वार
घटना यहीं नहीं रुकी। आरोपी पास की एक प्लाईवुड की दुकान में घुस गया, जहां अफरा-तफरी मच गई। दुकान में मौजूद लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे। इसी दौरान आरोपी की नजर पावली खास निवासी ई-रिक्शा चालक तौसीन पर पड़ी। तौसीन खुद को बचाने के लिए पास के एक बेसमेंट में छिप गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया।
बताया जाता है कि आरोपी ने तौसीन पर सिर और शरीर पर करीब पांच वार किए। गंभीर रूप से घायल तौसीन लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने पल्हैड़ा निवासी आरिफ पर भी हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गए। चारों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। तौसीन की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लोगों ने दिखाई हिम्मत
लगातार हो रहे हमलों से गुस्साए स्थानीय लोगों ने आखिरकार हिम्मत जुटाई। लाठी-डंडे लेकर कई लोगों ने आरोपी की घेराबंदी कर दी। करीब आधे घंटे तक चले इस आतंक के बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी को हथियार लहराते और लोगों को दौड़ाते देखा जा सकता है।
पुलिस की देरी पर सवाल
घटना स्थल से मोदीपुरम पुलिस चौकी की दूरी महज 50 मीटर बताई जा रही है। बावजूद इसके स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस करीब 20 मिनट की देरी से पहुंची। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते मौके पर पहुंच जाती तो इतने लोग घायल नहीं होते। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर प्राथमिक उपचार कराया और फिर थाने ले आई। तौसीन के भाई मिजुद्दीन की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह साहिबाबाद में मजदूरी करता है, लेकिन वह मेरठ क्यों आया और उसने हमला क्यों किया, इस बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। अधिकारियों के अनुसार आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है और उसके नशे की आदत होने की भी आशंका जताई जा रही है। उसके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रास्ते में किसी युवक से उसकी कहासुनी हुई थी और थप्पड़ मारने की बात सामने आई है। संभव है कि इसी बात से बौखलाकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया हो। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद रुड़की रोड और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्कूल के बाहर हुई इस वारदात ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय व्यापारियों ने भी सुरक्षा बढ़ाने और पुलिस गश्त तेज करने की मांग की है।
करीब आधे घंटे तक चले इस तांडव ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।



