
मिर्जापुर में चीनी मांझे का कहर: एक युवक की जान बची, दो मासूम घायल
मिर्जापुर जिले में पतंगबाजी का शौक खतरनाक हादसों में बदलता जा रहा है। चीनी मांझे से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो बच्चे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे।

जमालपुर थाना क्षेत्र के मठना गांव निवासी विनोद पटेल शुक्रवार सुबह दवा लेने वाराणसी गए थे। वापसी के दौरान रामनगर किले के पास अचानक चीनी मांझा उनके गले में फंस गया। पल भर में उनका गला कट गया और सड़क पर खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए प्राथमिक मदद दी और परिजनों को बुलाया।
विनोद को वाराणसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके गले में नौ टांके लगाए। समय रहते इलाज मिलने से उनकी जान बच सकी।
दूसरी घटना कौड़िया कला गांव की है, जहां 10 वर्षीय सत्यम पतंग कटने के बाद रील पकड़ने दौड़ा। चीनी मांझा हाथ में आते ही उसका हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजनों ने उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
इसी तरह जसोवर गांव में सात साल का अमन छत पर पतंग उड़ाते समय संतुलन खो बैठा। छत पर रेलिंग न होने के कारण वह नीचे गिर पड़ा और घायल हो गया। बच्चे का इलाज मंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
लगातार हो रहे ये हादसे प्रशासन और अभिभावकों दोनों के लिए चेतावनी हैं कि चीनी मांझा सिर्फ पतंग नहीं, बल्कि मौत का धागा बनता जा रहा है।



