पंजाब

फिरोजपुर में एक साथ उठी चार अर्थियां, परिवार के खात्मे से कांपा शहर

पंजाब के फिरोजपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। गुरुवार को सैलून कारोबारी अमनदीप सिंह ने पहले अपनी पत्नी और दो मासूम बेटियों की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद को भी गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली।

मृतकों में अमनदीप सिंह की पत्नी जसवीर कौर, 10 वर्षीय बेटी मनवीर कौर और 6 वर्षीय प्रनीत कौर शामिल हैं। घटना के अगले दिन शुक्रवार को चारों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। श्मशान घाट में जब एक साथ चार चिताएं जलीं, तो मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं। लोग बस यही सवाल कर रहे थे कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक खुशहाल दिखने वाला परिवार पल भर में खत्म हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अमनदीप सिंह “माही सैलून” का मालिक था और इसके अलावा प्रॉपर्टी से जुड़े कई कामों में भी सक्रिय था। पुलिस को शक है कि इस सामूहिक मौत के पीछे सिर्फ घरेलू कारण ही नहीं, बल्कि कारोबारी तनाव या नजदीकी लोगों की भूमिका भी हो सकती है। इसी वजह से अमनदीप के कारोबार से जुड़े साझेदारों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में गोली चलने की आवाज रिकॉर्ड हुई है, हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किस क्रम में और किन हालात में चली। घटना के समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे सुबह पड़ोसियों ने किसी तरह खोला। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।

एसपी (डी) मनजीत सिंह ने बताया कि चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज भेजा गया था और मामले में फिलहाल धारा 174 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मोबाइल नेटवर्क डेटा और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

पड़ोसियों का कहना है कि घटना से एक रात पहले तक सब कुछ सामान्य लग रहा था। अमनदीप की पत्नी जसवीर कौर शाम को अन्य महिलाओं के साथ टहलती हुई नजर आई थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि अगली सुबह ऐसी भयावह खबर सामने आएगी। बताया जा रहा है कि अमनदीप जल्द ही एक नए सैलून की ओपनिंग करने वाला था।

फिलहाल पूरा शहर शोक में डूबा है और पुलिस की जांच से ही यह साफ हो पाएगा कि यह पारिवारिक त्रासदी किन परिस्थितियों में हुई।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button