
प्रेम संबंध में बाधा बनी सास, बहू ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश—5 महीने बाद सामने आया चौंकाने वाला सच
हरियाणा में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हत्या और साजिश की एक दिल दहला देने वाली कहानी यमुनानगर से सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग महिला की मौत को पहले हादसा बताया गया, लेकिन पांच महीने बाद पुलिस जांच में यह मामला हत्या का निकला। आरोप है कि महिला की बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास की जान ले ली।

चारपाई से गिरने की कहानी, असल में थी हत्या
घटना के समय बहू ने सास की मौत का कारण चारपाई से गिरना बताया था। इसी आधार पर अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। लेकिन समय बीतने के साथ मृतका के बेटे को कई बातों पर शक हुआ। उसने एसपी कार्यालय में शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।
तकिये और सिर की चोट ने खोला राज
मृतका के बेटे ने बताया कि उसकी मां कभी तकिया लगाकर नहीं सोती थीं, लेकिन मौत के वक्त तकिया रखा मिला। साथ ही सिर से खून बहने के निशान भी थे। इन्हीं बातों ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया। जांच के बाद पुलिस ने बहू और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।
प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका अपनी बहू को उसके प्रेमी से बात करने से रोकती थी। यही बात बहू को नागवार गुजरती थी और इसी रंजिश में उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या की साजिश रची।
वारदात की रात क्या हुआ था?
हरगढ़ निवासी जितेंद्र सिंह की शादी 29 नवंबर 2023 को शिवानी से हुई थी। 19 जुलाई की रात जितेंद्र फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट पर था। उसने रात करीब 12 बजे घर फोन किया तो बहू ने सास की तबीयत खराब होने की बात कही। मां से बात कराने को कहा गया तो बहू ने बच्चे के रोने का बहाना बनाकर फोन काट दिया।
कुछ देर बाद फिर फोन करने पर पहले तबीयत ठीक बताई गई, फिर अचानक कहा गया कि मां चारपाई से गिर गई हैं और सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई। जब जितेंद्र घर पहुंचा, तो मां का शव चारपाई पर पड़ा था।
पुलिस तलाश में जुटी
सीआईए-1 प्रभारी राज कुमार के मुताबिक, हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

