
पाकस्मा मोड़ पर रफ्तार बनी मौत की वजह: रोडवेज बस से भिड़ी कार, जींद के युवक हिमांशु की जान गई
सोनीपत-रोहतक रोड पर पाकस्मा मोड़ के पास शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार हरियाणा रोडवेज की बस से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि कार में आग लग गई। दुर्घटना में कार चला रहे जींद निवासी युवक हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोनीपत डिपो की रोडवेज बस रोहतक होते हुए हिसार जा रही थी। करीब पौने 11 बजे बस चालक यात्रियों को बैठाने के लिए पाकस्मा मोड़ पर रुका हुआ था। इसी दौरान रोहतक की ओर से आई तेज रफ्तार कार सीधे बस से जा टकराई।
टक्कर के तुरंत बाद कार में आग भड़क उठी। बस में सवार यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाई और कार चालक को बाहर निकालकर पीजीआई रोहतक के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जींद जिले के लिजवाना कलां गांव निवासी 23 वर्षीय हिमांशु के रूप में हुई है, जो फाइनेंस का काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह अपने पिता का इकलौता बेटा था और परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने में लगा हुआ था।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आईएमटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

