पंजाब

पंजाब सरकार खुद बाजारों में जाकर सुनेगी व्यापारियों की समस्याएं, सीएम मान और केजरीवाल का बड़ा फैसला

पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को बड़ी राहत देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने साफ किया है कि अब व्यापारियों को अपनी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सरकार और प्रशासन खुद बाजारों में जाकर उनकी दिक्कतें सुनेगा और मौके पर समाधान करेगा।

स्थानीय निकाय चुनावों में बड़ी जीत के बाद एस.ए.एस. नगर में आयोजित पंजाब राज्य ट्रेडर्स कमीशन की पहली बैठक में यह अहम ऐलान किया गया। इस दौरान केजरीवाल और सीएम मान ने कहा कि यह पहल व्यापारियों के प्रति वर्षों से चली आ रही उपेक्षा और नौकरशाही की परेशानियों को खत्म करने की दिशा में एक ठोस कदम है।

दुकानदारों तक पहुंचेगा प्रशासन

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब बाजारों में जाकर सीधे दुकानदारों से बातचीत की जाएगी। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर भटकने की मजबूरी खत्म होगी। सरकार का मकसद व्यापार को आसान बनाना और भरोसे का माहौल तैयार करना है।

व्यापारिक सुधारों की नई शुरुआत

केजरीवाल ने इस कदम को पंजाब में व्यापारिक सुधारों के नए दौर की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि ट्रेडर्स कमीशन टैक्स व्यवस्था को सरल बनाएगा, बेवजह की प्रक्रियागत रुकावटों को खत्म करेगा और तथाकथित ‘टैक्स आतंक’ से राहत दिलाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी दोहराया कि दुकानदार अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सुरक्षा व सम्मान सरकार की प्राथमिकता है।

सत्ता विरोधी लहर का दावा खारिज

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि चार साल के शासन के बाद आमतौर पर सरकारों के खिलाफ नाराजगी बढ़ती है, लेकिन पंजाब में माहौल अलग है। उन्होंने कहा कि यहां व्यापारी और समाज के अलग-अलग वर्ग सरकार के कामकाज से संतुष्ट नजर आ रहे हैं।

व्यापारियों को लेकर सोच बदलेगी ‘आप’

केजरीवाल ने कहा कि देश में अब तक व्यापारियों को संदेह की नजर से देखा गया, लेकिन ‘आप’ ऐसा नहीं मानती। उन्होंने खुद को व्यापारी परिवार से जुड़ा बताते हुए कहा कि वे दुकानदारों की मेहनत, जोखिम और जिम्मेदारियों को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश की तरक्की तब तक संभव नहीं, जब तक सबसे छोटे दुकानदार को सुरक्षा और सुविधा न मिले।

हलका स्तर तक बनेगा समाधान तंत्र

‘आप’ संयोजक ने बताया कि ट्रेडर्स कमीशन राज्य, जिला और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर गठित किए जाएंगे। हलका स्तर पर पुलिस, प्रशासन और व्यापारी प्रतिनिधि मिलकर बाजारों में जाकर समस्याएं सुनेंगे। सड़क, पानी, शौचालय, सुरक्षा और अन्य स्थानीय मुद्दों का समाधान वहीं किया जाएगा। जो मामले नीति स्तर के होंगे, उन्हें सरकार तक पहुंचाकर हल कराया जाएगा।

सीएम मान बोले— यह पहले कभी नहीं हुआ

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह कार्यक्रम अपने आप में अनोखा है, जो पिछली सरकारों में कभी नहीं देखने को मिला। उन्होंने बताया कि राज्य में युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां दी गई हैं और 17 से ज्यादा टोल प्लाजा बंद कर आम लोगों को बड़ी राहत दी गई है। बंद किए गए टोल प्लाजों की इमारतों को अब आम आदमी क्लीनिकों में बदला जाएगा।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल चीमा, संजीव अरोड़ा सहित कई वरिष्ठ नेता और व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button