
पंजाब में ठंड की पकड़ और मजबूत: अमृतसर में लगातार दूसरा कोल्ड डे, घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी
पंजाब में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को अमृतसर में लगातार दूसरे दिन कोल्ड डे की स्थिति बनी रही, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा और शीतलहर लोगों की परेशानी का कारण बनी। न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया। बठिंडा 4.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रिकॉर्ड किया गया।

कोहरे का असर इतना घना रहा कि एसबीएस नगर में दृश्यता महज 50 मीटर तक सिमट गई। वहीं, पटियाला में 400 मीटर, लुधियाना में 500 मीटर और अमृतसर में 800 मीटर तक ही विजिबिलिटी दर्ज की गई। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें घने कोहरे, शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी गई है।
हालांकि अधिकतम तापमान में औसतन 1.5 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन यह अब भी सामान्य से 3.6 डिग्री नीचे बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रूपनगर में दर्ज किया गया। अमृतसर का अधिकतम तापमान 11.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.7 डिग्री कम था।
अन्य प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा—लुधियाना 14.0 डिग्री, पटियाला 14.8 डिग्री, पठानकोट 16.5 डिग्री, बठिंडा 14.7 डिग्री, मानसा 16.2 डिग्री, होशियारपुर 14.6 डिग्री और फाजिल्का 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे का असर पंजाब के कई हिस्सों में बना रह सकता है। लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।


