
चरखी दादरी में चोरों का तांडव: पुरानी सब्जी मंडी और रेलवे रोड की कई दुकानों के ताले तोड़े, व्यापारियों में डर
चरखी दादरी। शहर के व्यस्त कारोबारी इलाकों में एक बार फिर चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। बीती रात करीब एक बजे अज्ञात चोरों ने पुरानी सब्जी मंडी और रेलवे रोड पर एक के बाद एक कई दुकानों को निशाना बनाया। लगातार हो रही वारदातों से न सिर्फ दुकानदारों में दहशत है, बल्कि पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, पुरानी सब्जी मंडी में स्थित रामनिवास हलवाई की दुकान का ताला तोड़कर चोर गल्ले में रखी करीब 9 से 10 हजार रुपये की नकदी ले उड़े। सुबह दुकान खोलने पहुंचे वार्ड नंबर-7 हरिनगर निवासी दुकानदार कुलदीप को ताला टूटा मिला। अंदर जांच करने पर नकदी गायब पाई गई।
इसके बाद चोरों ने पास की कन्हैया डेयरी का शटर भी तोड़ दिया, लेकिन वहां से कोई सामान या पैसे चोरी नहीं हो सके। बताया जा रहा है कि डेयरी के भीतर कुत्ते के भौंकने से चोर घबरा गए और जल्दबाजी में भागने लगे। भागते समय डेयरी के सामने खड़े एक ठेले में हलवाई की दुकान से चुराई गई करीब 2500 रुपये की नकदी छोड़ गए।
चोर यहीं नहीं रुके और रेलवे रोड की ओर बढ़ते हुए मित्तल स्वीट्स तथा उससे सटी राम प्रताप बिशंभर दास क्लॉथ मर्चेंट की दुकान के ताले भी तोड़ दिए। हालांकि इन दुकानों से चोरी होने की पुष्टि नहीं हो सकी है। माना जा रहा है कि चोर किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल न होने पर फरार हो गए।
पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर थाना शहर दादरी पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

