हरियाणा

कैथल के चीका में मोबाइल दुकान पर फायरिंग, बाइक सवार दो बदमाश फरार

हरियाणा के कैथल जिले के चीका शहर में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब दो नकाबपोश बदमाशों ने एक मोबाइल शॉप को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात चानना अस्पताल रोड स्थित गिल मोबाइल शॉप पर हुई, जहां करीब 6 बजे बाइक सवार दो युवक पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने तीन से चार राउंड फायर किए और कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए। गनीमत यह रही कि घटना के समय दुकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी की जान नहीं गई। फायरिंग के बाद दुकान के शीशों पर गोलियों के निशान मिले हैं और मौके से तीन खोल भी बरामद किए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी गुहला कुलदीप बैनीवाल, सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार और सीआईए की टीमों ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों आरोपी बाइक पर आते और वारदात को अंजाम देकर भागते हुए नजर आए हैं।

कैथल के एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच टीमों का गठन किया है। इन टीमों में सीआईए, एसडीयू, थाना चीका और साइबर सेल को शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

दुकान मालिक अमन के पिता सतीश कुमार ने बताया कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। अमन पिछले दो साल से दुकान चला रहा है और 26 अप्रैल को उसकी शादी है। घटना के समय अमन शहर से बाहर था और कर्मचारी भी कुछ देर के लिए दुकान से बाहर गया हुआ था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल पुलिस फायरिंग के कारणों का पता लगाने में जुटी है और जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button