
अयोध्या में मंच पर गाते समय टूटा कलाकार का सफर, भजन संध्या के बीच लोक गायक सोनू सांवरिया का निधन
अयोध्या में एक धार्मिक आयोजन के दौरान उस समय माहौल गमगीन हो गया, जब मंच पर प्रस्तुति दे रहे युवा लोक गायक सोनू सांवरिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई और बाद में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। 28 वर्षीय सोनू भजन संध्या में अपनी सुरीली आवाज से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर रहे थे, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उनकी आखिरी प्रस्तुति साबित होगी।

बताया जा रहा है कि हैदरगंज बाजार निवासी सोनू सांवरिया बृहस्पतिवार को अपनी टीम के साथ सोहावल क्षेत्र के खिरौनी गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से लौटने के बाद वह देर शाम नाका रायबरेली बाईपास स्थित शिव मंदिर में आयोजित भजन संध्या में पहुंचे। रात करीब आठ बजे मंच पर भजन गाते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और कुछ ही पलों में वह स्टेज पर गिर पड़े।
कार्यक्रम में मौजूद साथी कलाकारों और आयोजकों ने बिना देर किए उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान ही सोनू सांवरिया ने दम तोड़ दिया। इस दुखद खबर के फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोनू अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। हैदरगंज के ग्राम प्रधान राकेश अग्रहरि ने बताया कि सोनू बहुत कम उम्र में ही लोक गायन के क्षेत्र में पहचान बना चुके थे। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने सागर अग्रहरि के साथ कीर्तन मंडली से अपने करियर की शुरुआत की थी और अपनी मधुर आवाज के दम पर तेजी से लोकप्रिय हो गए थे।
परिवार में उनकी एक विवाहित बहन है, जबकि उनके पिता फिलहाल बाहर हैं और उनके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। एक उभरते कलाकार की इस असमय विदाई से न सिर्फ परिवार, बल्कि संगीत प्रेमियों और श्रद्धालुओं के बीच गहरा शोक है।



