पंजाब

लुधियाना में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, बाइक सवार बदमाशों ने लग्जरी कार शोरूम को बनाया निशाना

पंजाब के लुधियाना जिले में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बद्दोवाल इलाके में स्थित एक लग्जरी कार शोरूम पर बाइक सवार दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, मुल्लापुर क्षेत्र के बद्दोवाल में स्थित रॉयल लीमोट नामक कार शोरूम के बाहर दो युवक बाइक पर पहुंचे और बिना कुछ कहे करीब आठ राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान शोरूम के बाहर खड़ी कई महंगी कारों के शीशे भी गोलियों की चपेट में आ गए, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा।

फायरिंग के बाद हमलावर मौके पर गैंगस्टर पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा के नाम लिखी पर्चियां फेंककर फरार हो गए। गनीमत रही कि इस सनसनीखेज घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही मुल्लापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और इसे गैंगवार या रंगदारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button