पंजाब

Punjab Crime News: राजपुरा पुलिस की बड़ी कामयाबी, नेपाली युवक के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा; सबूत मिटाने को जलाई गई थी लाश, आरोपी गिरफ्तार

पटियाला जिले के राजपुरा में पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। नेपाली मूल के युवक की नृशंस हत्या कर शव जलाने की गुत्थी को सिटी पुलिस ने सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने शहर में सक्रिय लुटेरा गिरोह का भी भंडाफोड़ कर तीन शातिर अपराधियों को दबोच लिया है।

हत्या के बाद शव जलाकर मिटाए गए थे सबूत

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मंगल सिंह के रूप में हुई है, जो नेपाली मूल का था और राजपुरा की एमएलए रोड पर स्थित एक फास्ट फूड दुकान में काम करता था। कुछ दिन पहले उसका अधजला शव जग्गी कॉलोनी स्थित खंडहर क्वार्टरों में मिला था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की हालत ऐसी थी कि पहचान कर पाना भी मुश्किल हो गया था।

ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझी

इस जघन्य हत्याकांड की जांच राजपुरा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों पर तेज की। एसपी वरुण शर्मा और डीएसपी राजपुरा मनजीत सिंह के मार्गदर्शन में थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर मामले का खुलासा किया।

पुलिस ने हत्या के आरोप में कुलजीत सिंह उर्फ सोनू (निवासी न्यू गुरु अर्जुन देव कॉलोनी) और विक्की आहूजा (निवासी धमोली) को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने मंगल सिंह की हत्या करने के बाद अपनी पहचान छिपाने और सबूत नष्ट करने के उद्देश्य से शव को सुनसान इलाके में ले जाकर आग लगा दी थी।

हत्या की वजह जानने के लिए रिमांड पर लेंगे आरोपी

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उन्हें रिमांड पर लेकर हत्या के पीछे की असली वजह का खुलासा किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।

लुटेरा गिरोह पर भी कसा शिकंजा

इसी क्रम में राजपुरा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एएसआई जगदीश कुमार की अगुआई में पुलिस टीम ने शहर के सुनसान इलाकों में दहशत फैलाने वाले लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कृष्ण कुमार और मंदीप सिंह उर्फ मन्नू, दोनों निवासी गुरु तेग बहादुर कॉलोनी, को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि ये आरोपी टंकी रोड और आसपास के इलाकों में राहगीरों को चाकू दिखाकर मोबाइल फोन और नकदी लूट लेते थे।

लूटा गया सामान भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार कमानीदार चाकू और विभिन्न कंपनियों के 10 लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी के मोबाइल खरीदने और आगे बेचने वाले अब्दुल अशद, निवासी पुराना राजपुरा, को भी गिरफ्तार किया गया है।

कड़ी कार्रवाई का भरोसा

थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर की शांति और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

राजपुरा पुलिस की कार्रवाई से बढ़ा भरोसा

लगातार दो बड़ी सफलताओं से राजपुरा पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है। एक ओर जहां ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर मृतक के परिवार को न्याय की उम्मीद मिली है, वहीं दूसरी ओर लुटेरा गिरोह की गिरफ्तारी से आम लोगों ने राहत की सांस ली है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button