हरियाणा

Karnal News: करनाल जिले की 3 फरवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Karnal News: करनाल जिले की 3 फरवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

दयालु योजना के तहत मृत्यु या दिव्यांग होने पर दी जाती है आर्थिक सहायता : उत्तम सिंह

करनाल, 3 फरवरी।   डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु) लागू की गई है। इसके तहत प्रदेश के गरीब परिवारों में 6 से 60 साल की आयु तक के किसी व्यक्ति की मृत्यु होने अथवा दिव्यांग होने पर आर्थिक मदद दी जा रही है। इस योजना के दायरे में एक लाख 80 हजार रुपये तक की आय वाले परिवार आएंगे। ऐसे परिवारों में 1 अप्रैल 2023 से किसी की मृत्यु हुई है या 100 प्रतिशत दिव्यांग हुआ है तो वह परिवार इस योजना का पात्र माना जाएगा। आवेदन के लिए परिवार के पास पीपीपी होना जरूरी है। यदि परिवार में किसी की एक्सीडेंट या प्राकृतिक मृत्यु हुई है, तो उसका मृत्यु प्रमाण पत्र देना होगा। यदि एक्सीडेंट में दिव्यांग हुआ है तो उसका दिव्यांगता प्रमाण पत्र, अस्पताल से डिस्चार्ज के दस्तावेज और एफआईआर की कॉपी जरूरी है।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि दयालु योजना का मुख्य उद्देश्य पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता करना है, जिससे उन्हें सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा मिल सके। उन्होंने बताया कि परिवार पहचान पत्र में जो बैंक खाता नंबर दिया हुआ है, उसी में सहायता राशि को भेजा जाएगा। दुर्घटना होने के तीन माह के भीतर इस योजना के तहत आवेदन करना आवश्यक है। इसके लिए हरियाणा सरकार ने दयालु पोर्टल बनाया हुआ है। जिस पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

कितनी मिलेगी आर्थिक मदद
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि दयालु योजना के तहत गरीब परिवारों के 6 से 12 साल तक के बच्चे की मृत्यु या 100 प्रतिशत दिव्यांग होने पर एक लाख रुपये दिए जाएंगे, इसी प्रकार से 12 से 18 वर्ष की आयु पर 2 लाख रुपये, 18 से 25 वर्ष की आयु तक 3 लाख रुपये, 25 से 45 वर्ष की आयु पर 5 लाख रूपये और इसके बाद 60 साल की आयु पर 3 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

राजकीय महिला महाविद्यालय घरौंडा में चार दिवसीय फाइन आर्ट्स कार्यशाला का आयोजन

करनाल, 3 फरवरी।   राजकीय महिला महाविद्यालय घरौंडा में प्राचार्य डॉक्टर महेंद्र सिंह बागी के कुशल दिशा निर्देशन व महिला प्रकोष्ठ तथा एनएसएस इकाई के सौजन्य से सोमवार को चार दिवसीय फाइन आर्ट्स की कार्यशाला के प्रथम दिन का आयोजन किया गया।
कार्यवाहक प्राचार्य पूजा रानी ने छात्राओं को फाइन आर्ट्स की कार्यशाला की महत्ता बताते हुए कहा कि किसी भी देश के विकास में कला का महत्वपूर्ण योगदान होता है। यह साझा दृष्टिकोण, मूल्य, प्रथा एवं एक निश्चित लक्ष्य को दिखाता है। यह सभी आर्थिक, सामाजिक एवं अन्य गतिविधियों में संस्कृति एवं रचनात्मकता का समावेश होता है।
कार्यशाला के अंतर्गत माता सुंदरी खालसा कन्या महाविद्यालय से ललित कला संकाय की सहायक प्रवक्ता ओशीन सुरी ने छात्राओं को फाइन आर्ट्स से संबंधित प्रशिक्षण दिया व उन्होंने अपने वक्तव्य में छात्राओं को बताया कि  फाइन आर्ट्स का क्षेत्र करियर बनाने के लिए एक अच्छा क्षेत्र है। फाइन आर्ट्स में न केवल पेंटिंग और रंग शामिल हैं, बल्कि यह वास्तव में जितना हम सोचते हैं, उससे कहीं अधिक विस्तृत क्षेत्र है। इसमें म्यूजिक, डांस, फोटोग्राफी, इंटीरियर डिजाइन, ग्राफिक डिजाइनिंग और चित्रण, रंगमंच, मिट्टी के बर्तन, वास्तुकला, एनीमेशन, अन्य शामिल हैं। इसलिए, यदि आप फाइन आर्ट में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो आपको फाइन आर्ट्स कोर्स के बारे में पता होना चाहिए। कार्यशाला के प्रथम दिन उन्होंने छात्राओं को विभिन्न रेखाओं वक्र तथा शेडिंग का अभ्यास कराया।
महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनुराधा ने मैडम ओशीन सुरी को धन्यवाद दिया तथा छात्राओं को इसमें बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर हिंदी सहायक प्रवक्ता डॉ विक्रम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की ओर से बीपीएल परिवारों को स्वयं रोजगार स्थापित करने के लिए बैंकों के माध्यम से दिया जा रहा ऋण : उपायुक्त।
करनाल, 3 फरवरी।
   हरियाणा सरकार द्वारा हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की ओर से अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को, जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे हैं, बीपीएल परिवार को अपना रोजगार स्थापित करने के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध करवाया जाता है।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि योजना का लाभ उन पात्र परिवारों को मिलेगा जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में 1 लाख 80 हजार रुपये (परिवार पहचान पत्र अनुसार) से अधिक न हो। ऐसे परिवार को बैंकों के माध्यम से 1 लाख 50 हजार रुपये तक का ऋण पशुपालन, किरयाना दुकान, मनियारी दुकान, ब्यूटी पार्लर, ई-रिक्शा, सूअर पालन या अन्य कोई लाभप्रद योजना इत्यादि के लिए उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि निगम द्वारा कुल लागत का 50 प्रतिशत (अधिकतम 10 हजार रुपये तक का अनुदान व 10 प्रतिशत मार्जिन मनी 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध करवाया जाता है तथा बकाया ऋण बैंकों द्वारा दिया जाता है। इच्छुक आवेदक हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम कार्यालय में  आवेदन के लिए संपर्क करें।

विधायक योगेंद्र राणा ने आमजन की समस्याएं सुनकर  तुरन्त निवारण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश।

असंध/ करनाल, 3 फरवरी।   असंध में सोमवार को विधायक योगेंद्र राणा ने नई अनाज मंडी स्थित कार्यालय में आमजन की समस्याएं सुनी और उनके तुरन्त निवारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने  कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना ही मेरा ध्येय है। समस्याओं का समाधान बातचीत करने व बताने से होता है। इसलिए जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद लोकतंत्र की मजबूती के लिए काफी अहम है।
विधायक ने कहा कि समस्या चाहे सार्वजनिक हो या निजी, उसका तय समय में निवारण ही सुशासन है। वर्तमान सरकार निरंतर सुशासन के पथ पर कार्य कर रही है। हर समस्या का एक निर्धारित समय में हल हो इसके लिए अधिकारियों को भी निर्देश दिए जा चुके हैं। प्रतिदिन उनके द्वारा भी जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि आमजन की समस्याओं के प्रति गंभीरता को देखते हुए जनता का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। इसी के चलते आमजन अधिक से अधिक संख्या में जन प्रतिनिधियों के पास अपनी बात रखने के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने आमजन से भी कहा कि आमजन के लिए विधायक के द्वार खुले हैं और समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर असंध क्षेत्र के लोगों ने अपनी  समस्याओं को सांझा किया। विधायक ने उनके द्वारा बताए गए विभिन्न विषयों को सुना और निवारण हेतु मौके पर ही अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का तय सीमा में निवारण ही सरकार की जनता के बीच विश्वसनीयता को बढ़ाता है। वर्तमान सरकार जनता की कसौटी पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पूर्व के 10 वर्षों में भी हरियाणा सरकार ने जनता की समस्याओं पर गंभीरता से काम किया है। यही कारण है कि जनता ने सरकार को तीसरी बार भी काम करने का मौका दिया है।
उन्होंने कहा कि असंध हल्के का सर्वांगीण विकास उनका प्राथमिक लक्ष्य है और आमजन की सभी समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर असंध मंडल अध्यक्ष हिमांशु छाबड़ा, बल्ला मंडल अध्यक्ष जय भगवान , ओम प्रकाश ललैन, कृष्ण दत्त कुंडलन, अमित राणा, सुरेंद्र जैनी, सहित अन्य क्षेत्रवासी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे

आर्ट ऑफ लिविंग का आनंद उत्सव 6 से 9 फरवरी तक, आइए….तनाव भगाइए, खुशियां लाइए

करनाल 3 फरवरी।  आज के तनाव , मानसिक तकलीफ व रिश्तों में आपसी खींचतान के दौर में  खुशी से परिपूर्ण और चिंतामुक्त जीवन हर कोई जीना चाहता है, लेकिन छटपटाहट इस बात की है कि ऐसा हो नहीं पाता, इसके लिए मानव हर तरह के प्रयास करता है लेकिन कहीं ना कहीं उसके मन में ये कसक रहती है कि खुशी को चिरस्थायी रूप से कैसे अपने जीवन में उतारा जाए, कैसे हमेशा तनाव मुक्त रहा जाए। इन सब सवालों के जवाबों का उत्तर इस बार शुक्रवार 6 फरवरी से 9 फरवरी तक यानी चार दिन लगातार आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से सेक्टर 14 स्थित कृष्णा मंदिर में कराए जा रहे ध्यान शिविर में जरूर मिल जाएगा। आनंद उत्सव का समय शुक्रवार 6 फरवरी से सुबह 6.30 से 8.30 बजे तक और शाम 6.30 बजे से 8.30 बजे तक रखा गया है।  यह जानकारी आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से आए सलाहकार विवेक बंसल और तमन्ना ने दी। वे सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय मे सम्बंधित कार्यक्रम की जानकारी देने पहुंचे थे। उक्त सलाहकार चार दिवसीय आनंद उत्सव प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से आपके जीवन में खुशियां लाने और चिंतामुक्त जीवन जीने के तरीके बताएंगी।
आर्ट ऑफ लिविंग की सलाहकार तमन्ना ने बताया कि आनंद उत्सव यानी खुशियों के उत्सव में सभी को सुदर्शन क्रिया सिखाई जाएंगी, इसके अलावा योग प्राणायाम, ध्यान की विधियां भी बताई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस कोर्स से पहले हम लोग जन जन तक पहुंचते हैं ताकि अधिक से अधिक लोग ऐसे महत्वपूर्ण कोर्सिस का लाभ ले सकें। जो लोग पहले हैप्पीनेस कोर्स कर चुके हैं या नए लोग जो करना चाहते हैं, वे भी उनसे संपर्क कर इस कोर्स में हिस्सा ले सकते हैं । उन्होंने बताया कि असल में सुदर्शन क्रिया में सांसों का समन्वय है, हमारा पूरा जीवन सांसों पर टिका है और अधिकतर बीमारियां भी  सांसों के कारण होती है, हम सही तरह से सांस कैसे लें, योगा कैसे करें, ध्यान कैसे करें और हर समय खुश कैसे रहें, तनाव से छुटकारा कैसे पाएं, ये सब इन क्रियाओं के माध्यम से बताया जाता है, हंसना बहुत जरूरी है,इसलिए हंसने की क्रियाएं कराई जाती हैं ताकि कोर्स के बाद घर पर भी प्रशिक्षण हासिल करने वाला व्यक्ति इन क्रियाओं को करके खुश रह सके। कई मंचों पर सम्मानित हो चुकी  व आर्ट ऑफ लिविंग से काफी समय से जुड़ी तमन्ना की माने तो अधिकतर बीमारियो का ताल्लुक हमारे मन से है और  हर मन से जुड़ी बीमारी का निवारण सुदर्शन क्रिया से संभव है इसलिए हर व्यक्ति को अपने जीवन में सुदर्शन क्रिया अपनानी चाहिए।
इस 6 फरवरी शुक्रवार से 9 फरवरी तक सेक्टर 14 स्थित कृष्णा मंदिर में चलने वाले चार दिवसीय आनंद उत्सव का उद्देश्य लोगों के मन में खुशी का संचार कर उनके जीवन में नए संकल्पों व सपनों को उजागर करना है।  आर्ट आफ लिविंग की प्रतिविंब बन चुकी तमन्ना के अनुसार, इसे यूं समझा जा सकता है कि तनाव मुक्त जीवन समय की मांग है और आनंद उत्सव जीने का सही तरीका, तो आइए जीवन का सही तरीका आनंद उत्सव में सीखिए, हर किसी को अपनानी चाहिए सुदर्शन क्रिया, ध्यान, योग और हंसने की क्रियाएं। इस मौके पर डीआईपीआरओ मनोज कौशिक सहित पूरा स्टाफ उपस्थित था।

दमकल विभाग की एक गाड़ी पुरानी सब्जी मंडी के नजदीक बने जन स्वास्थ्य विभाग, मंडल न0-1 मे होगी खड़ी: जगमोहन आनंद
जनता की सुरक्षा तथा करनाल का विकास हो मेरी पहली प्राथमिकता
करनाल, 3 फरवरी।     
 करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि जनता की सुरक्षा तथा करनाल का विकास हो यह मेरी पहली प्राथमिकता है। विधायक जगमोहन आनंद सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में जनता की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा के लिए अब दमकल विभाग की एक गाड़ी अस्थाई तौर पर पुरानी सब्जी मंडी के नजदीक बने जन स्वास्थ्य विभाग, मंडल न0-1 में विशेष तौर पर खड़ी की जाएगी ताकि जनता की जान-माल की सुरक्षा हो सके। गत दिवस कुंजपुरा रोड पर दुकानों में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके मध्यनजर मौके  पर विधायक जगमोहन आनंद ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था तथा दमकल विभाग के अधिकारियों से बातचीत की थी तथा उन्हें अपने कैंप कार्यालय में रिकॉर्ड लाने को कहा था।
सोमवार को कैंप कार्यालय में विधायक जगमोहन आनंद ने दमकल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की तथा उनके रिकॉर्ड को भी देखा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। दमकल विभाग की गाड़ी जनस्वास्थ्य विभाग नजदीक ट्रैफिक पुलिस चौकी के पास प्रात: 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक खड़ी जाएगी ताकि भविष्य में यदि कोई आगजनी की कोई घटना होती है तो उस पर समय रहते काबू पाया जा सकें। उन्होंने कहा कि डायल नम्बर 112 पर किसी कारण वश गाड़ी पहुंचने में अगर देर हो जाती है इसलिए विशेष तौर पर जन स्वास्थ्य विभाग के पास दमकल विभाग की गाड़ी खडी करने के निर्देश दिए गए है।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि जिले में जहां पर भी सब फ ायर स्टेशन बनने है और उनकी जगह उपलब्ध करवानी है इसके लिए जल्द ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करके उन्हें पूरी स्थिति से अवगत करवाया जाएगा तथा सब फायर स्टेशन के बारे मे बातचीत की जाएगी।
प्रदेश सरकार जनता के  कार्यों के लिए नॉन स्टॉप विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन उम्मीदों के साथ लोगों ने उन्हें वोट देकर हरियाणा विधानसभा भेजा है, उनकी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। लोगों की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का शत प्रतिशत प्रयास किया जाएगा।
कैंप कार्यालय में आए सब फायर स्टेशन अधिकारी रामपाल ने बताया कि करनाल शहर मे इस समय दो फायर स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर सेक्टर-4 व जुडला गेट मे स्थित है। उन्होंने बताया कि जिले में अगर कहीं पर भी आगजनी की घटना होती है तो व्यक्ति दमकल विभाग के दूरभाष नम्बर 0184-2270999,0184-2201101 तथा 0184-2253799 पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा व्यक्ति डायल 112 का भी इस्तेमाल कर सकता है। इस मौके पर दमकल विभाग के अधिकारी सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

निराश्रित बच्चों के लिए पेंशन योजना, सरकार हर माह दे रही 1850 रुपये की वित्तीय सहायता :उपायुक्त

करनाल, 3 फरवरी।       उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि जिला में 21 वर्ष तक की आयु का बच्चा जो अपने माता-पिता की सहायता अथवा देखभाल से उनकी मृत्यु होने के कारण, अपने पिता के घर से पिछले 2 वर्ष की अवधि से अनुपस्थित होने के कारण अथवा माता-पिता के लम्बी सजा, जोकि एक वर्ष से कम न हो या मानसिक व शारीरिक अक्षमता के कारण वंचित हो जाते हैं और जिनके माता-पिता, अभिभावक की सभी साधनों से वार्षिक आय दो लाख से अधिक नहीं है। वह बच्चा हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय एवं सहकारिता विभाग द्वारा दी जा रही वित्तीय सहायता का लाभ पात्र है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त विभाग द्वारा एक परिवार में दो बच्चों तक 1850 रुपये प्रति माह प्रति बच्चा पेंशन प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त स्कीम का लाभ लेने के इच्छुक व्यक्ति के पास बेसहारा होने का प्रमाण पत्र, बच्चों के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र व आवेदक का 5 वर्ष या उससे अधिक की अवधि का हरियाणा राज्य में निवासी होने का दस्तावेज जैसे कि फोटोयुक्त वोटर कार्ड या राशन कार्ड आदि की स्वयं सत्यापित फोटो प्रति सहित परिवार पहचान पत्र होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आवेदक के पास यदि उपरोक्त दस्तावेजों में से कोई दस्तावेज नहीं है, तो वह कोई अन्य प्रमाण पत्र सहित 5 वर्ष से हरियाणा में रिहायश का हलफनामा दे सकता है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे के माता-पिता या अभिभावक किसी भी सरकार द्वारा पारिवारिक पेंशन प्राप्त कर रहा है, वो उपरोक्त स्कीम का लाभ नहीं ले पाएंगे। स्कीम का लाभ लेने के इच्छुक प्रार्थी अपने नजदीकी अंत्योदय सरल केंद्र, अटल सेवा केंद्र सहित सीएससी केंद्र पर आवेदन कर सकते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महाकुंभ मेला प्रयागराज में तीन दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
करनाल, 3 फरवरी। 
   जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष चन्द्रशेखर, करनाल के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महाकुंभ मेला प्रयागराज में तीन दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे पैनल अधिवक्ता, मुकेश कुमार,पैनल अधिवक्ता सतीश कुमार गौड़, फ्रंट ऑफिस कार्डिनेटर बलकार सिंह ने हैल्प डेस्क लगाकर विद्यार्थियों, कर्मचारियों व जनसाधारण को मुफ्त कानूनी सेवाओं की जानकारी दी और नालसा द्वारा प्रकाशित विभिन्न सामाजिक व कानूनी विषयों की पुस्तकें वितरित की।

पैनल अधिवक्ता मुकेश कुमार ने बताया कि कोई भी गरीब व्यक्ति, महिला, बच्चा, बुर्जुग, आपदाग्रस्त, एस सी, एस टी, अपंग, किन्नर, एच आई वी पीड़ित, स्वतंत्रता सेनानी इत्यादि वर्ग मुफ्त कानूनी सेवाओं के हकदार है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत के किसी भी राज्य का निवासी संबंधित राज्य स्तर, जिला स्तर व उपमंडल स्तर पर मुफ्त कानूनी सेवाएं प्राप्त कर सकते है। इसके अलावा नालसा के हेल्पलाइन नं 15100 पर संपर्क करने भारत के किसी भी इलाके से मुफ्त कानूनी सलाह प्राप्त की जा सकती है।


बॉक्स:— नेशनल लोक अदालत का आयोजन 8 मार्च  को : इरम हसन

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इरम हसन ने बताया कि जिला न्यायालय करनाल में आठ मार्च 2025 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नेशनल लोक अदालत में कोई भी व्यक्ति अदालत में लंबित मुकदमे रखकर उनका फैसला करवा सकता है। इसमें प्री लिटिगेशन स्टेज के मुकदमे रखकर उनका निपटारा किया जा सकता है।। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नं. 0184-2266138 व नालसा हेल्पलाइन नं. 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।

समाधान शिविर में शिकायतों का मौके पर ही निपटारा

करनाल, 3 फरवरी।   हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला में लघु सचिवालय सहित सभी उपमंडल कार्यालयों में प्रत्येक कार्य दिवस में समाधान शिविरों का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त उत्तम सिंह की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। ऐसे ही शिविर संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में नीलोखेड़ी, इन्द्री, असंध और घरौंडा में भी आयोजित किए गए।

जिला स्तरीय समाधान शिविर में आई अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निदान कर दिया गया और शेष पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए। उपायुक्त ने बताया कि इन समाधान शिविरों में परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, जमीन की रजिस्ट्री, शहरी निकाय विभाग से एनडीसी लेने, नक्शे की मंजूरी, पेंशन, राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण व्यवस्था, अपराध, बिजली-पानी संबंधी आदि शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सोमवार को करनाल के लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में 5 शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से 2 शिकायतों को मौके पर ही समाधान कर दिया गया तथा 2 शिकायतें अभी भी लंबित है। वही 1 शिकायत को रद्द कर दिया गया। नीलोखेड़ी उपमंडल में 2 शिकायतें प्राप्त हुई जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वही घरौंड़ा, इंद्री, असंध उपमंडल में कोई शिकायत प्राप्त नहीं  हुई।
                                                                                                                                                                               

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button