Jind में हड़कंप: अमेरिका से लॉरेंस बिश्नोई गैंग चला रहा रणदीप मलिक, घर पर पंजाब पुलिस की रेड; पिता फरार
हरियाणा के जींद जिले में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पंजाब पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े आरोपी रणदीप मलिक के घर अचानक छापा मारा। पुलिस की गाड़ियों के गांव में घुसते ही अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि रणदीप मलिक अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग को ऑपरेट कर रहा है। छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ा झटका तब लगा, जब आरोपी का पिता जगबीर सिंह मौके से फरार हो गया।

ऐंचरा कलां गांव निवासी रणदीप मलिक के घर यह कार्रवाई पंजाब के फाजिल्का से आई पुलिस टीम ने की। डीएसपी अविनाश के नेतृत्व में पहुंची टीम ने स्थानीय सरफाबाद चौकी पुलिस को भी साथ लिया था। जैसे ही पुलिस ने घर को घेरा, रणदीप का पिता जगबीर सिंह पीछे के रास्ते से भागने में कामयाब हो गया।
15 साल से अमेरिका, वहीं से चल रहा गैंग का कंट्रोल रूम
पंजाब पुलिस के मुताबिक रणदीप मलिक पिछले करीब 15 वर्षों से अमेरिका में रह रहा है। लॉरेंस बिश्नोई और उसका भाई अनमोल बिश्नोई जब गुजरात की जेल में बंद हुए, तभी से रणदीप ने गैंग की पूरी कमान अपने हाथ में ले ली। पुलिस का दावा है कि रंगदारी, हत्या और गैंग से जुड़ी कई वारदातों के आदेश अमेरिका से ही दिए जा रहे हैं।
डीएसपी अविनाश ने खुलासा किया कि रणदीप मलिक के खिलाफ पंजाब में रंगदारी मांगने, हत्या कराने और आपराधिक साजिश से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस बुधवार को उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ करना चाहती थी, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
गांव में पूछताछ, रिश्तेदारों से खंगाली गई जानकारी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रणदीप के चाचा, अन्य परिजनों और गांव के लोगों से गहन पूछताछ की। पुलिस यह जानने में जुटी है कि रणदीप का गांव में किस-किस से संपर्क है और कौन लोग उसके लिए काम करते हैं।
जमीन बेचकर अमेरिका, फिर अपराध की दुनिया में एंट्री
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि रणदीप को अमेरिका भेजने के लिए उसके पिता जगबीर सिंह ने गांव की करीब दो एकड़ जमीन बेच दी थी। विदेश पहुंचने के कुछ ही साल बाद रणदीप अपराध की दुनिया में उतर गया और धीरे-धीरे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का अहम चेहरा बन गया।
पैसे की जांच, बैंक खातों पर पुलिस की नजर
पंजाब पुलिस ने रणदीप मलिक और उसके परिवार की संपत्तियों की जांच तेज कर दी है। ग्रामीणों से पूछा गया कि क्या रणदीप ने गांव या आसपास जमीन, होटल या किसी अन्य बिजनेस में निवेश किया है। इसके साथ ही सभी परिजनों के बैंक खातों की जानकारी जुटाई गई है।
पुलिस अब यह पता लगाएगी कि क्या अमेरिका या किसी अन्य देश से खातों में संदिग्ध रकम आई है। अगर विदेशी फंडिंग के सबूत मिले, तो खातों को तुरंत सीज किया जाएगा।
गैंग को फंडिंग और वारदातों के आदेश भी वही देता है
डीएसपी अविनाश के अनुसार इस समय लॉरेंस बिश्नोई गैंग का पूरा संचालन रणदीप मलिक के हाथ में है। कौन सी वारदात कहां और कब करनी है, इसका आदेश वह अमेरिका से देता है। गैंग के शूटर उसी के निर्देशों पर काम करते हैं। इतना ही नहीं, वारदात से पहले हथियार और पैसों का इंतजाम भी वही करता है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गैंग को फंडिंग किन-किन देशों से और किन लोगों के जरिए मिल रही है।
आसपास के गांवों में भी छापेमारी
पंजाब पुलिस की टीमें सफीदों क्षेत्र और आसपास के गांवों में लगातार दबिश दे रही हैं। हाल के वर्षों में जो युवक अमेरिका गए हैं, उनके संपर्कों की भी गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि इस अंतरराष्ट्रीय गैंग नेटवर्क की जड़ें और भी गांवों तक फैली हो सकती हैं।
फिलहाल रणदीप मलिक और उसके फरार पिता की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस इस हाई-प्रोफाइल केस में जल्द बड़े खुलासे की तैयारी में जुटी है।

