हरियाणा

Haryana News: हरियाणा की 3 फरवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Haryana News: हरियाणा की 3 फरवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

बजट में हरियाणा के रेल इंफ्रा को मजबूत बनाने के लिए केंद्र से मिले 3416 करोड़ रुपए

– केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में हरियाणा को मिले बजट की दी जानकारी

– रेल मंत्री ने बताया कि यह राशि 2009 से 14 तक मिले 315 करोड़ रुपए से 11 गुना अधिक

– हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए बड़े बजट आबंटन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का जताया आभार

– 2014 से अब तक हरियाणा में 823 किमी रेलवे ट्रैक का काम हुआ पूरा, 15875 करोड़ रुपए के 1195 किमी लंबाई वाले 14 नए प्रोजेक्ट्स का कार्य प्रगति पर
नई दिल्ली, 03 फरवरी। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए देश के आम बजट में हरियाणा रेलवे परियोजनाओं के लिए 3416 करोड़ रुपए की धनराशि आवंटित हुई है जोकि वर्ष 2009 से 2014 तक मिले 315 करोड़ रुपए से 11 गुना अधिक है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस आशय की जानकारी की आज नई दिल्ली में दी। उन्होंने केंद्रीय बजट में हरियाणा को मिले हिस्सेदारी की जानकारी देते हुए बताया कि इस धनराशि से प्रदेश में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को बूस्ट मिलेगा। वर्ष 2014 से अब तक हरियाणा में 823 किमी रेलवे ट्रैक बिछाए गए जोकि संयुक्त अरब अमीरात के समस्त रेल नेटवर्क के समान है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केन्द्रोय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेश में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए बजट में बड़ी धनराशि आबंटित करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य में इस बजट से रेल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा जोकि विकसित भारत के संकल्प की बुनियाद को मजबूत करेगा। रेल इंफ्रास्ट्रक्चर से राज्य के लोगों का जनजीवन सुगम बनेगा।
श्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि हरियाणा के 34 रेलवे स्टेशनों को 1149 करोड़ रुपए की राशि से अमृत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन स्टेशन में अंबाला कैंट, अंबाला सिटी, बहादुरगढ़, बल्लभगढ़, भिवानी जंक्शन, चरखी दादरी, फरीदाबाद, फरीदाबाद न्यू टाउन, गोहाना, हांसी, हिसार, होडल, जींद जंक्शन, कालांवाली, कालका, करनाल, कोसली, कुरुक्षेत्र जंक्शन, लोहारू, महेंद्रगढ़, मंडी आदमपुर, मंडी डबवाली, नारनौल, नरवाना जंक्शन, पलवल, पानीपत जंक्शन, पटौदी रोड, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा, सोनीपत, यमुनानगर व जगाधरी शामिल है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में 262 करोड़ रुपए तथा गुरुग्राम रेलवे स्टेशन को विकसित करने की योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा में वर्तमान में 14 नए रेलवे ट्रैक पर काम जारी है। नए 1195 किमी ट्रैक बिछाने 15,875 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इनमें चंडीगढ़-बद्दी, पलवल से न्यू पृथला, रेवाड़ी से खाटूवास, भिवानी से डोभ-भाली, चुरू सदलपुर से लुनी-समदड़ी-भीलड़ी, मानहेरू से बवानीखेड़ा, खाटूवास से नारनौल, पानीपत से रोहतक, फिरोजपुर से बठिंडा, जाखल से हिसार व अस्थल बोहर से रेवाड़ी के दोहरीकरण का कार्य तथा मेरठ से पानीपत, दिल्ली-सोहना-नूंह-फिरोजपुर झिरका-अलवर रेलवे ट्रैक, यमुनानगर से चंडीगढ़ वाया साढौरा-नारायण तथा हिसार से सिरसा वाया अग्रोहा-फतेहाबाद रेलवे परियोजनाएं शामिल है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से 2025 तक राज्य में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को गति मिली है। इस दौरान 121 ट्रैक के विद्युतीकरण का कार्य पूरा हुआ और इस अवधि के दौरान 534 रेलवे फ्लाई ओवर व अंडर ब्रिज के निर्माण का कार्य भी हुआ है। वहीं रेलवे के आधुनिकीकरण के लिए कवच परियोजनाओं के तहत 398 करोड़ रुपए की धनराशि आवंटित की गई है। इस समय में हरियाणा को पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की कनेक्टिविटी मिली है। वर्तमान में राज्य के 144 रेलवे स्टेशनों पर वाई-फाई की सुविधा दी गई है।

आईएमए की हरियाणा इकाई की हरियाणा सरकार के साथ हुई बैठक, प्रतिनिधियों ने जताया मुख्यमंत्री और सरकार का आभार

आयुष्मान योजना के तहत इलाज रहेगा जारी – आईएमए

अगले वर्ष के लिए आयुष्मान योजना के तहत 2500 करोड़ रुपये के बजट का किया जाएगा प्रावधान

हरियाणा सरकार द्वारा अविलंब किया जाएगा आयुष्मान योजना के तहत लंबित क्लेम का भुगतान

चंडीगढ़, 3 फरवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ आज यहां हुई बैठक में आईएमए द्वारा रखी गई कई मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया। इसके तहत, आयुष्मान योजना के तहत 10 मार्च तक क्लेम के लिए जितने भी आवेदन आएंगे, उन सभी का 31 मार्च, 2025 तक भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए विभाग को संशोधित बजट में पर्याप्त राशि अनुमोदित की जाएगी। इसके अलावा, अगले वर्ष के लिए आयुष्मान योजना के तहत क्लेम के निपटान व समयबद्ध भुगतान के लिए 2500 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया जाएगा।

आईएमए की हरियाणा इकाई के प्रतिधिनियों ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर त्वरित कार्रवाई की है। आईएमए की ओर से आयुष्मान योजना के तहत पहले की तरह ही इलाज जारी रहेगा और मरीजों को किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं आएगी।

आयुष्मान भारत हरियाणा स्वास्थ्य संरक्षण प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती संगीता तेतरवाल ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी से अब तक आयुष्मान योजना के तहत प्राप्त क्लेम आवेदनों के लिए 195 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। शेष लंबित क्लेम का भुगतान फरवरी माह में कर दिया जाएगा। इसके अलावा, 10 मार्च तक प्राप्त क्लेम आवेदनों का निपटान 31 मार्च, 2025 तक कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आज की बैठक में क्लेम की प्रक्रिया को  विस्तार से समझाया गया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मेडिसन व बाल चिकित्सा संबंधी क्लेमों को स्पेशलाइज्ड डॉक्टरों की स्पेशल टीम द्वारा प्रोसेस किया जाएगा। इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से जो संदिग्ध मामले सामने आते हैं, उनकी सूचना जल्द से जल्द अस्पतालों के साथ सांझा की जाएगी।उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश क्लेम राशि में कटौती की गई है, तो अस्पताल द्वारा उस कटौती के कारणों के बारे विस्तृत जानकारी दी जाएगी। क्लेम के निरीक्षण हेतु डॉक्टरों को पुनः प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि समयबद्ध तरीके से क्लेम का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके और अनावश्यक कटौती न हो। बैठक में यह भी चर्चा की गई कि यदि मरीज आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज करवाने का इच्छुक नहीं है तो उसे स्वयं के खर्चे से इलाज करवाने का विकल्प दिया जाएगा।बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि क्लेम के लिए अपील की प्रक्रिया को और सुदृढ़ बनाया जाएगा। अस्पतालों को दूसरी अपील दायर करने का विकल्प भी दिया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं क्लेम राशि का तय समय सीमा में भुगतान किया जाए।बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी और आईएमए की हरियाणा इकाई के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उपमंडल नारायणगढ़ का किया दौरा

प्रदश में अब तक 15 जिलों में नए मेडिकल कॉलेज बने

नशा तस्करों पर कड़ाई से कार्रवाई की जाएगी- मुख्यमंत्री

चंडीगढ़ , 3 फरवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से आज उपमंडल नारायणगढ़ के रेस्ट हाउस में प्रेस एसोसिएशन नारायणगढ़ तथा पत्रकार मंच नारायणगढ़ से जुड़े मीडिया प्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने नारायणगढ़ के मीडिया प्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि आप लोगों का मुझे सदैव सहयोग मिला है। अपने राजनैतिक कैरियर के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहाँ के मीडिया साथियों का उन्हें भरपूर सहयोग और समर्थन मिला है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को भी सुना।  मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए सरकार ने अनेक योजनाओं को लागू किया है।  जनता को इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन जनता की समस्याओं को सुनें और तत्परता से उनके निदान के लिए कार्यवाही करें।

 मुख्यमंत्री ने नारायणगढ़ के युवा पत्रकारों से कहा कि वे अपने वरिष्ठ पत्रकारों से मार्गदर्शन ले और सकारात्मक सोच के साथ जनता से जुडी खबरों को प्रकाशित करें। उन्होने कहा कि उनका सदैव प्रयास रहेगा कि नारायणगढ़ क्षेत्र विकास की बुलंदियों को छुए। नारायणगढ़ उपमण्डल में खेल स्टेडियम, हॉकी का एस्टोटर्फ, बागवानी का रिजनल सैंटर एवं कालेज, राजकीय महिला महाविद्यालय शहजादपुर, अधिकतर गांवों में कम्यूनिटी सैंटर, गांव डेरा में बिजली का पावर हाउस, कई पुल व सडक़े आदि कार्य करवाये  जा रहे हैं। इन सुविधाओं के पूरा होने पर इलाके के लोगों को इनका फायदा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिला में एक-एक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा और अब तक 15 जिलों में मेडिकल कॉलेज बन गये है तथा शेष जिलों में आगामी समय में मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो जाएंगे, इससे प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस को सख्त आदेश दिये गये हैं।  अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर कानून अनुसार सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि नशे को रोकने के लिए भी मानस पोर्टल लांच किया गया है जिस पर कोई भी व्यक्ति नशा तस्करों एवं नशा बेचने वालों से जुड़ी सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, सीएम के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे सहित उपमंडल के पत्रकार मौजूद रहे।

चरखी दादरी के गांव रामलवास में नहीं हो रहा कोई खनन व जल दोहन – कृष्ण लाल पंवार

ग्रामीणों की शिकायत पर संबंधित माइन के विरूद्ध की जा चुकी है कार्रवाई

11 दिसंबर, 2024 को माईन का पट्टा किया जा चुका है रद्द

चंडीगढ़, 3 फरवरी – हरियाणा के खान एवं भूविज्ञान मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि जिला चरखी दादरी के गांव रामलवास में वर्तमान में किसी भी प्रकार का कोई खनन कार्य नहीं चल रहा है और न ही जल दोहन हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले से ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि यदि स्थानीय ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की समस्या है तो उनका निवारण प्राथमिकता के आधार पर तुरंत प्रभाव से होना चाहिए। वहीं ग्रामीण भी अपनी समस्या को लेकर किसी भी समय उनसे व विभाग के अधिकारियों से बात कर सकते हैं,जिनका तुरंत प्रभाव से उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।खनन मंत्री ने बताया कि रामलवास गांव में बंद हो चुकी खान पर ग्रामीणों द्वारा पिछले काफी दिनों से धरना दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने शिकायत दी थी कि संबंधित खान मालिक द्वारा नियमों की अवहेलना करके खनन किया जा रहा है और जल दोहन भी हो रहा है, जिससे इलाके में भूजल स्तर नीचे चला गया है। इस शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए विभाग द्वारा संबंधित माईन को 28 अक्टूबर, 2024 को सस्पेंड कर दिया गया था। तदोपरांत, 11 दिसंबर, 2024 को उस माईन का पट्टा भी रद्द (टर्मिनेट) किया जा चुका है।श्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि वर्तमान में रामलवास गांव में किसी भी प्रकार का कोई खनन कार्य और जल दोहन का नहीं हो रहा है। ग्रामीणों की यदि कोई और भी मांग है तो वे विभाग के अधिकारियों व उनसे मिल सकते हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध है और किसी भी प्रकार का अवैध खनन करने पर संबंधित के खिलाफ तुरंत प्रभाव से सख्त कार्रवाई की जाती है।

– पलवल जिले को स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के मामले में देश के अग्रणी जिलों में शामिल किया जाएगा : राज्य मंत्री गौरव गौतम

– खेल मंत्री गौरव गौतम ने पलवल शहर में की स्वच्छता अभियान की शुरुआत

– शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी करवाया जा रहा है वॉल पेंटिंग का कार्य

– जिले में जल्द लगवाई जाएंगी तिरंगा लाइटें, बनेंगी वॉल पेंटिंग्स

चंडीगढ़, 3 फरवरी – हरियाणा के युवा आधिकारिता एवं उद्यमिता, खेल और कानून एवं विधायी राज्यमंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि पलवल जिले को स्वच्छता और सौन्दर्यकरण के मामले में देश के अग्रणी जिलों में शामिल किया जाएगा। खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने सोमवार को पलवल के बस स्टैंड से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण को लेकर पलवल के चौक – चौराहों सहित ओवरब्रिज पर वॉल पेंटिंग का कार्य चल रहा है। नगर परिषद के सौजन्य से बस स्टैंड से शुरू किए गए स्वच्छता अभियान के दौरान स्वयं मंत्री श्री गौतम ने कचरे को एकत्रित कर ट्रैक्टर – ट्रॉलियों में रखवा कर आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में तिरंगा लाइट लगाने का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।खेल मंत्री ने कहा कि साफ़ सफाई को लेकर लगातार समय – समय पर स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा नगर परिषद के कर्मचारियों को भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए है। वहीं शहर से कूड़ा उठाने के लिए 80 रिक्शा, 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली व 2 जेसीबी नगर परिषद को उपलब्ध करवाई गई हैं।आगरा चौक ओवरब्रिज पर महापुरुषों और ऐतिहासिक धरोहरों की चित्रकारी की जा रही है।राज्यमंत्री श्री गौतम ने कहा कि शहर में ‘हमारा पलवल’ नाम से आकर्षक सैल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। सेक्टर-2 स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर बनाया गया क्लॉक टॉवर बेहद खूबसूरत नज़र आता है।उन्होंने कहा कि शहर में आधुनिक सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को साफ – सफाई और स्वच्छता के मामले में आगे ले जाने के उद्देश्य से सफाई अभियान की शुरुआत की थी, जो देशभर में चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में भी साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।इस अवसर पर उनके साथ पलवल के उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ व अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

 

आत्मनिर्भर भारत की कल्पना साकार करेगा केंद्रीय बजट – लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा

चण्डीगढ़, 3 फरवरी – हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पेश किए गए बजट में अनेक दूरदर्शी समावेशी नीतियों की घोषणा की गई है, जो न केवल राष्ट्रीय स्तर पर व हरियाणा राज्य ही नहीं बल्कि हर राज्य के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह एक विकासोन्मुख व संतुलित बजट है। यह बजट देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि यह बजट हर वर्ग, किसान, युवा, महिला, कर्मचारी, व्यापारी या औद्योगिक सबकी खुशहाली के लिए अत्यंत लाभकारी व कल्याणकारी बजट है जिसमें हर वर्ग व हर व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का ध्यान रखा गया है। सभी वर्गों के लिए यह बजट एक वरदान है।लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि बजट में मध्यम वर्ग के लिए बहुत बड़ी राहत दी गई है तथा अब 12.75 लाख रूपए तक कोई टैक्स नहीं देना पड़ेगा। अकेले हरियाणा प्रदेश में 11 लाख आयकरदाता हैं तथा इस बजट से लगभग 5 लाख लोग आयकर के दायरे से बाहर हो जाएंगे। समाज के हर वर्ग के व्यक्ति ने इस बजट की भरपूर सराहना की है, क्योंकि यह बजट आम नागरिक की जरूरतों को प्राथमिकता देने, सामाजिक कल्याण तथा सभी भारतीयों के लिए एक उज्जवल भविष्य  सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस बजट से देश विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ेगा।  श्री रणबीर गंगवा ने बताया कि यह बजट कृषि क्षेत्र में तीव्रगति से सुधार के लिए अभूतपूर्व कदम है। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और आयात पर निर्भरता कम होगी तथा इससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। अब किसान सब्सिडी वाले कार्ड पर 5 लाख तक कर्ज ले सकेंगे। कपास की खेती को बढ़ावा देेने के उद्देष्य से हिसार, फतेहाबाद, सिरसा व कैथल आदि जिलों के किसानों को खूब लाभ मिलेगा। दालों के उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लिए 6 साल का एक मिशन शुरू किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के पांच योजनाओं के पैकेज के तहत अगले 5 वर्षों में 3 करोड़ से ज्यादा युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर प्रदान किए जाएंगे, जिससे हरियाणा के युवाओं को भी लाभ मिलेगा। इतना ही नहीं आर्टिफिसिल इंटैलीजैंस शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए इस बजट में 500 करोड़ रूपए से ज्यादा का प्रावधान रखा गया है।लोक निर्माण मंत्री ने बताया बीमा सैक्टर में 100 प्रतिशत विदेशी निवेश को मंजूरी देने का प्रस्ताव है। ईवी बैटरी निर्माण सामग्री पर कस्टम ड्यूटी खत्म कर दी गई है। एससी/एसटी वर्ग की महिलाओं को बिना गारंटी 2 करोड़ रूपए तक का लोन मिलेगा। इससे उन महिलाओं को लाभ मिलेगा, जो स्वावलंबी और आत्मनिर्भर होना चाहती हैं। हरियाणा राज्य देश का लगभग 65 प्रतिषत ऑटोमोबाईल उत्पादन करता है। अतः इस क्षेत्र में और बढ़ोतरी होगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने 36 जीवन रक्षक दवाओं से कस्टम ड्यूटी हटा दी है। एमएसएमई के लिए क्रेडिट गारंटी कवर को 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ किया जाएगा। सभी सरकारी सैकेंडरी स्कूलों को ब्रॉडबैंड कनैक्टिविटी से जोड़ा जाएगा।

कामकाजी महिलाओं को मिलेगा सखी निवास, बच्चों के लिए डे केयर की भी सुविधा

फरीदाबाद और गुरुग्राम में किया जा रहा छात्रावास का निर्माण

चंडीगढ़, 3 फरवरी-  हरियाणा सरकार कामकाजी महिलाओं की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए फरीदाबाद सेक्टर- 78 और गुरुग्राम सेक्टर 9 में सखी निवास योजना के तहत महिला छात्रावास का निर्माण करने जा रही है। इससे कामकाजी महिलाओं के रहने की समस्या दूर होगी। सखी निवास में कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिलेगा।हरियाणा महिला विकास निगम इसकी कार्ययोजना तैयार कर रहा है। सखी निवास में रहने वाली कामकाजी महिलाओं को डे केयर की सभी सुविधा दी जाएगी। वह अपने साथ बच्चों को भी रख सकती हैं। अगर बच्चे बड़े हो तो भी उसे रखने की व्यवस्था होगी। इसमें 12 साल तक के लड़के और 18 साल तक की लड़की को रखने की अनुमति होगी।इस योजना का लाभ किसी भी तरह की कामकाजी महिलाओं को मिलेगा। इसमें अविवाहित के साथ विवाहित और तलाकशुदा भी शामिल होंगी। इसमें वंचित वर्ग और शारीरिक विकलांगता वाली महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। कामकाजी महिला हरियाणा निवासी होनी चाहिए और उसके पास हरियाणा का परिवार पहचान पत्र होना जरूरी है । महानगरों में महिला की मासिक आय 50 हजार रुपये और किसी अन्य स्थान पर 35 हजार रुपये प्रति माह से अधिक नहीं होनी चाहिए । जब भी महिला की मासिक आय तय सीमा से अधिक होती है तो उसे छात्रावास को 3 माह के अंदर छोड़ना होगा। छात्रावास के लिए महिला को आधार कार्ड, पुलिस सत्यापन रिपोर्ट, कर्मचारी का वेतन प्रमाण पत्र भी आवेदन के साथ लगाना होगा।यह आवास लगभग एक एकड़ में बनाए जाएंगे जहां 200 महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी। इसके निर्माण पर करीब 65 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत आएगी जो कि भारत सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है ।

यात्रियों को अच्छा खाना उपलब्ध कराने की कोशिश – अनिल विज

– रेलवे की तर्ज पर खाना उपलब्ध करवाएंगे

चंडीगढ़, 3 फरवरी – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा रोडवेज में प्रतिदिन तीन लाख यात्री व कर्मचारी सफर करते हैं तथा उन्हें अच्छा खाना उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश के पांच बस स्टैंडों पर ट्रायल तौर पर टूरिज्म विभाग द्वारा बसों के यात्रियों को रेलवे की तर्ज पर खाना उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर हम रेस्ट हाउस बनाना चाहते हैं ताकि वाहन चालक, महिलाएं व यात्रियों को रिफ्रेश होने की बेहतर सुविधा मिल सके।श्री विज आज अम्बाला छावनी बस स्टैंड पर आस्था फाउंडेशन द्वारा प्रारंभ की गई पांच रूपए में थाली सेवा की शुरुआत करने के उपरांत लोगों को संबोधित कर रहे थे।

दुर्घटनाओं में 80 फीसदी मानवीय चूक

उन्होंने कहा कि ट्रायल तौर पर पांच बस स्टैंडों पर टूरिज्म विभाग से अनुबंध कर रहे हैं जहां से खाना मुहैया कराया जाएगा। यदि यह ट्रायल कामयाब हुआ तो अन्य बस स्टैंड पर भी यह सुविधा होगी। इसके अलावा, रेलवे की तर्ज पर हरियाणा रोडवेज में भी खाना उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि आज जो दुर्घटनाएं हो रही है वह 80 प्रतिशत मानवीय चूक की वजह से हो रही है। मानवीय चूक चालक को आराम नहीं करने की वजह से हो रही है।परिवहन मंत्री ने कहा कि बसों के लिए उन्होंने एक ट्रेकिंग सॉफ्टवेयर/ऐप बनाने के निर्देश दिए हैं जिससे पता चलेगा कि कौन सी बस कहां पर है। उन्होंने कहा कि हम नई एसी व इलेक्ट्रिक बसों की भी खरीद करने जा रहे हैं। अम्बाला में लोकल रूट पर पांच इलेक्ट्रिक बसें संचालित की गई हैं जबकि अन्य बसों का संचालन भी किया जा रहा है।

7 फरवरी से 23 फरवरी तक चलेगा 38वां अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट्स मेला

परंपरा और आधुनिकता का संगम है सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय क्राफ्ट मेला: कला रामचंद्रन

हरियाणा पर्यटन निगम की प्रधान सचिव ने मेले की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक

चंडीगढ़, 3 फरवरी – हरियाणा पर्यटन निगम की प्रधान सचिव श्रीमती कला रामचंद्रन ने कहा कि 38वां अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट्स मेला भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। 7 फरवरी से 23 फरवरी तक चले वाले इस मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन व सरकार द्वारा सभी तैयारियां बेहतरीन ढंग से की जा रही हैं।श्रीमती कला रामचंद्रन ने आज 38वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर उपायुक्त श्री विक्रम सिंह भी उपस्थित थे।हरियाणा पर्यटन निगम की प्रधान सचिव ने कहा कि सूरजकुंड मेले को डिजिटल रूप दिया गया है। पहली बार स्टॉल की बुकिंग ऑनलाइन की गई हैं। पूरी पारदर्शिता बनाए रखते हुए सूरजकुंड का यह शिल्प मेला डिजिटल प्लेटफार्म के साथ पर्यटन के क्षेत्र में आमजन के स्वागत के लिए तैयार हो रहा है। मेले से जुड़े हर पहलू की जानकारी सूरजकुंड मेला डॉट कॉम डॉट इन पर उपलब्ध रहेगी।उन्होंने बताया कि इस बार 38वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में उड़ीसा व मध्यप्रदेश थीम स्टेट हैं और बिम्सटेक-बांग्लादेश, भूटान, इंडिया, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका व थाईलैंड राष्ट्र भागीदार हैं और नॉर्थ ईस्ट हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट एसोसिएशन मेले का कल्चरल पार्टनर है। साथ ही दिल्ली मेट्रो टिकटिंग पार्टनर रहेगा। उन्होंने बताया कि मेला मैदान में आने वाले लाखों आगन्तुकों को थीम स्टेट मध्य प्रदेश व उड़ीसा, बिम्सटेक देशों के साथ-साथ अनेक देशों के कलाकार, बुनकर, शिल्पकार मेले में भागीदारी करेंगे, जबकि देश के अनेक राज्यों के पारंपरिक व लजीज व्यजनों का आनंद आमजन ले सकेंगे।श्रीमती कला रामचंद्रन ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मेला परिसर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया और जल्द से जल्द काम को पूरा करने के निर्देश दिए।

डी०एल०एड० प्रथम व द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) परीक्षा फरवरी/मार्च-2025 के तिथि-पत्र में हुआ संशोधन

चंडीगढ़ , 3 फरवरी – हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी से संबंधित डी०एल०एड० प्रथम व द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) परीक्षा फरवरी/मार्च-2025 के तिथि-पत्र में कुछ संशोधन किया गया है।बोर्ड प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (REET)-2024 के मध्यनजर शिक्षा बोर्ड द्वारा 27 फरवरी, 2025 को आयोजित करवाई जाने वाली डी०एल०एड० की DE-101 Childhood and Development of Children  विषय की परीक्षा अब 22 मार्च, 2025 को तथा 28 फरवरी, 2025 को आयोजित करवाई जाने वाली DE-201 Cognition, Learning and The Socio-Cultural Context विषय की परीक्षा अब 24 मार्च, 2025 को संचालित करवाई जाएगी। इस संदर्भ में सार्वजनिक सूचना बोर्ड की अधिकारिक वेबसाईट www.bseh.org.in पर अपलोड कर दी गई है। शेष परीक्षाओं की तिथियां यथावत रहेंगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button