हरियाणा

Haryana News: हरियाणा की 2 फरवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

Haryana News: हरियाणा की 2 फरवरी की बड़ी खबरें, पढ़िए एक क्लिक में

दिल्ली के लोगों में मोदी जी को लेकर उत्साह, आठ को जरूर खिलेगा कमल – नायब सिंह सैनी

*हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के मुंडका और सुल्तानपुर माजरा में किया जनसभाओं को संबोधित*

*मुख्यमंत्री सैनी ने यमुना के पानी को लेकर केजरीवाल पर कसा तंज, दस वर्षों में सिर्फ झूठ बोलने का किया काम*

*स्टार प्रचारक नायब सिंह सैनी की जनसभाओं में उमड़ा जनसमूह, लगातार जनसभाओं व रोड शो से मुख्यमंत्री बढ़ा रहे पार्टी प्रत्याशियों का जोश*

चंडीगढ़, 2 फरवरी – दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्टार प्रचारक के तौर पर लगातार जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने रविवार को दिल्ली के मुंडका से भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र दराल के समर्थन में रानीखेड़ा और सुल्तानपुर माजरा (अ.जा.) से कर्म सिंह करमा के लिए सुल्तानपुरी में दो जनसभाओं को संबोधित किया। दोनों ही जनसभाओं में हरियाणा के मुख्यमंत्री को सुनने के लिए बड़ी संख्या में जनसमूह उमड़ा।

            मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने जनसभाओं में लोगों को संबोधित करते हुए कि आने वाली 5 फरवरी को हमने दिल्ली के भाग्य का फैसला करना है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस कम समय के अंदर हमने ज्यादा काम करना है। मैं पिछले 15 दिनों से दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में हूं, दिल्ली के लोगों में जो जोश उत्साह है उसे देखते हुए स्पष्ट है कि आठ फरवरी को दिल्ली में कमल खिलेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को हरियाणा की तर्ज पर दिल्ली में भी लागू किया जाएगा, जिससे जनमानस के जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

*दस साल में केजरीवाल ने किया हर वर्ग को प्रताड़ित*

            श्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली के लिए आपदा बन चुकी है। अरविंद केजरीवाल ने 10 वर्षों तक दिल्ली के हर वर्ग के लोगों को प्रताड़ित करने का काम किया है। केजरीवाल ने जनता को झूठ बोलने के अलावा कुछ नहीं किया। केजरीवाल ने दिल्ली को स्वच्छ पानी देने का वायदा किया था, उन्होंने तो यमुना को साफ करने की बात कही थी, लेकिन 2025 आ गया और यमुना की हालत उससे भी बुरी हो गई है।

 *झूठ की पोल खोलने के लिए मैंने खुद पीया यमुना का पानी*

            मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यमुना के पानी को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल झूठ बोलकर अपने फायदे के लिए कुछ भी कर सकता है। मैं यमुना के पल्ला गांव स्थित घाट पर गया और वहां जाकर मैंने खुद यमुना का पानी पिया ताकि लोगों का भय निकल जाए। मैं वहां से पानी लेकर आया जहां से हरियाणा दिल्ली को पानी देता है और जहां से केजरीवाल दिल्ली को पानी दे रहा है, मैं उस स्थान के ऊपर गया वहां से पानी भरा और दोनों पानी के अंदर जमीन आसमान का अंतर था।

 

*पवित्र सरस्वती नदी को फिर से धरा पर लाने के लिए 80 प्रतिशत जमीन खरीदने या दान में लेने का कार्य हुआ पूरा- केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल*

*केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव के सरस मेले का किया अवलोकन,  सांस्कृतिक  संध्या का किया शुभारंभ*

चंडीगढ़, 2 फरवरी – केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि पवित्र सरस्वती नदी को हरियाणा की पावन धरा पर प्रवाहित करने के प्रयास 1986 से शुरू किए गए थे। इस अहम कार्य को लेकर ही 10 वर्ष पूर्व हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड की स्थापना की गई। इन 10 वर्षों में बोर्ड के माध्यम से सरस्वती नदी के मार्ग पर जमीनों से कब्जा हटवाने के लिए करीब 80 प्रतिशत जमीन या तो दान में या फिर खरीद ली गई है। इस कार्य के पूरा होने के बाद सरस्वती नदी को फिर से प्रवाहित करने के प्रयास पूरे हो जाएंगे।

            केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री श्री मनोहर लाल आज पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड की तरफ से आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव के समापन समारोह के अवसर पर बोल रहे थे। इससे  पहले केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड की प्रदर्शनी के साथ-साथ सरस मेले का अवलोकन किया। उन्होंने  सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ भी किया। इस दौरान प्रदेशवासियों को बसंत पंचमी और सरस्वती जयंती की बधाई और शुभकामनाएं भी दी।

उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों से नदियों को पवित्र माना गया है और प्रकृति के पांच तत्वों को भूमि, गगन, वायु, अग्नि और जल को भगवान की संज्ञा देकर हमेशा पूजा जाता रहा है। इन पांचों तत्वों की पूजा करने से अच्छे संस्कार मिलते है और अच्छे संस्कारों से अच्छे समाज और देश की नीव रखी जा सकती है। इन्हीं तमाम विषयों को जहन में रखकर संस्कृति संस्कारों को हमेशा जिंदा रखने और युवा पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत को रूबरू करवाने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव, गीता महोत्सव जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

            उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरा से बहने वाली पवित्र सरस्वती नदी के किनारे वेदों और पुराणों की रचना हुई। इसलिए इतिहास को देखते हुए सरकार ने बिलासपुर का नाम बदलकर महर्षि व्यास के नाम पर व्यासपुर और मुस्तजापुर का नाम बदलकर सरस्वती नगर का नाम रखा है। उन्होंने कहा कि सटेलाइट और अन्य वैज्ञानिक तथ्यों से अब साबित हो चुका है कि सरस्वती नदी का बहाव आदिबद्री से होकर हरियाणा से होते हुए रण ऑफ कच्छ तक पहुंचता है। इस सरस्वती नदी के मार्ग को खोजने के लिए डा. वांकडकर से उनकी बात हुई थी और 1986 में तीन दिन तक आदि बद्री से पिहोवा तक यात्रा की थी। इस नदी के किनारे ही पिंडदान और अस्थियों को विर्सजन किया जाता है।

            केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र को देव भूमि भी कहा जाता है और अब लुप्त हो रहे इतिहास और संस्कृति को सहेजने के लगातार प्रयास किए जा रहे है। अब सरस्वती नदी को लेकर लगातार शोध चल रहा है और आगे भी चलता रहेगा। इसी जनजागरण को लेकर महोत्सव जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

 

 

*शिक्षा मंत्री ने झाड़सा में सी.आर. माडल पब्लिक स्कूल में आयोजित दीनबंधु सर छोटूराम की 144वीं जयंती में मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत*

चंडीगढ़, 2 फरवरी – हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि हरियाणा के हर एक विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास करना शिक्षा विभाग की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तैयार की गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन के लिए हरियाणा सरकार कृतसंकल्प है। इस नीति को जल्द से जल्द लागू करने के संदर्भ में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।

            शिक्षा मंत्री महीपाल आज गुरुग्राम के झाड़सा स्थित सी.आर. माॅडल पब्लिक स्कूल में दीनबंधु सर छोटूराम की 144वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

            उन्होंने कहा कि देश में दबे, कुचले, शोषित वर्ग की भलाई के लिए सर छोटूराम ने ऐतिहासिक काम किए। राजस्व मंत्री के रुप में उन्होंने कलम की ताकत मिलते ही भारी कर्ज के बोझ तले दबे किसानों को न्याय दिलवाया। ऐसे क्रांतिकारी निर्णय लेने वाले नेता ने “जो बोलना सीख ले और दुश्मन को पहचान लें” का मूलमंत्र दिया है, उस पर गहनता से विचार कर अमल किया जाना चाहिए। सर छोटूराम की बात का अर्थ है कि हमें कब, क्या और कैसे बोलना है, इसकी तहजीब होनी चाहिए तथा जो लोग हमारी संस्कृति व संस्कारों पर चोट करें, उनसे सावधान रहना है।

            शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमें बच्चों को केवल डिग्री धारक बनाने की नहीं, अपितु ऐसी शिक्षा देनी होगी, जिससे उनके चरित्र का निर्माण हो और उन्हें दक्षता के आधार पर सही रोजगार मिल सके। बच्चों को ऐसे शूरवीरों, महापुरुषों का इतिहास पढ़ाया जाए, जिन पर वे गर्व की अनुभूति करें और राष्ट्र के नवनिर्माण में अपना योगदान दें। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत का दुनिया में गौरव बढ़ा है। अंतर्राष्ट्रीय पटल पर भारत का सम्मान किया जा रहा है। वर्ष 2047 तक हम सबको मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इस दिशा में हमें अभी से संकल्पवान होकर प्रयास करने होंगे।

            श्री महीपाल ढांडा ने शैक्षणिक विकास के लिए सर छोटूराम सोसाइटी को 21 लाख रुपए का अनुदान देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल के ई-ब्लॉक की भी आधारशिला रखी। इससे पहले देवी सरस्वती के चित्र के आगे दीप प्रज्जवलित कर शिक्षा मंत्री ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

            इस अवसर पर विधायक श्री मुकेश शर्मा, श्री तेजपाल तंवर, सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

 

*हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति ही भारत की है पहचान – परिवहन मंत्री अनिल विज*

*बसंत पंचमी खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक – अनिल विज*

चण्डीगढ़, 2 फरवरी – हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि हिंदुस्तान अपनी प्राचीन समृद्ध सनातन संस्कृति के लिए जाना जाता है। हमारे पवित्र धार्मिक अनुष्ठान और सनातन परंपरा हिंदुस्तान का निर्माण करती है। यह भारतीय संस्कृति की पहचान है। ऋषि मुनियों और संतों की वाणी ने हमेशा समाज को सही रास्ता दिखाने का काम किया है। धार्मिक अनुष्ठान जीवन की बाधाओं को पार करते हैं।

            श्री विज रविवार को रोहतक शहर में माता दरवाजा के समीप स्थित परम सिद्ध पीठ शंकट मोचन धाम में आयोजित तीन दिवसीय हनुमान कथा के समापन अवसर  पर मौजूद नागरिकों को मुख्य अतिथि के रूप में अपना संदेश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी उमंग और जोश का दिन है। यह संगीत और ज्ञान का दिन है। बसंत पंचमी झूमने, नाचने, गाने तथा हंसने और हंसाने का दिन है। यह दिन प्रकृति के साथ-साथ इंसान में भी सकारात्मक बदलाव लाता है। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड के बाद मौसम खुशनुमा होता है और मौसम सुहानी करवट लेता है। बुझे हुए फूल खिलने लगते हैं, जो आगे आने वाली खुशहाली का संकेत होते हैं। मौसम में एक तरह से बाहर आती है। उन्होंने कहा कि बसंत ऋतु में पक्षी भी अपने घोसलों से बाहर आकर    प्रकृति का आनंद लेते हैं।

            परिवहन मंत्री अनिल विज ने अपना संदेश देते हुए कहा कि ईश्वर ने अनेक तरह के मौसम और फल-फूल के साथ विभिन्न तरह की अनमोल सौगात देकर इस धरती को एक स्वर्ग बनाया है। बसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती की पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड जाने के बाद हमारे अंदर एक नई तरह की ऊर्जा आती है और जिससे काम में तेजी आती है। यह हर तरह से समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने यहां पर भजनों द्वारा की जा रही अमृत वर्षा के बारे में कहा कि यह हमें सही दिशा में चलने का संदेश देते हैं। शुद्ध तन और आत्मा ही हमारे जीवन का मूल मंत्र है।

*बजट से आम आदमी को राहत मिली है और घर का खर्च होगा कम – अनिल विज*

            कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए परिवहन मंत्री श्री विज ने कहा कि केंद्रीय वित्तमंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा बेहतरीन बजट प्रस्तुत किया गया है। इससे आम आदमी को बड़ी राहत मिली है। घरेलू चीजों पर टैक्स कम होने से घर का खर्च काम होगा। उन्होंने कहा कि बजट में साधारण आदमी का ध्यान रखा गया है। किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट तीन लाख रुपए से बढक़र 5 लाख कर दी गई है। इससे किसान और अधिक खुशहाल होगा। उन्होंने कहा कि एक लाख रुपए मासिक आय वाले को कर मुक्त किया गया है, जिसमें नौकरीपेशा के साथ-साथ अन्य कोई काम करने वाले भी शामिल होते हैं, उनको बहुत बड़ी राहत मिली है।

            उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए प्रदेश के परिवहन बेड़े को बढ़ाया जा रहा है। बस अड्डों पर मुसाफिरों को सरकार द्वारा टूरिज्म के माध्यम से शुद्ध भोजन मुहैया करवाया जाएगा, इसके लिए प्रदेश के कुछ बस अड्डों को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि रोडवेज को नंबर वन बनाया जाएगा, जिस पर पूरी गंभीरता के साथ कार्य किया जा रहा है। ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से बसों की लोकेशन का भी पता चलेगा, जो नागरिकों के लिए बहुत बड़ी सुविधा होगी।

 

*बिजली मंत्री अनिल विज ने रोहतक के बिजली शिकायत केंद्र में मारा छापा*

*शिकायतकर्ताओं से खुद फोन पर बात कर शिकायतों पर कार्रवाई की ली जानकारी*

चण्डीगढ़, 2 फरवरी – हरियाणा के बिजली मंत्री श्री अनिल विज ने रोहतक शहर में बिजली निगम के मुख्य कार्यालय में स्थित शिकायत केंद्र पर छापा मारा और यहां पर शिकायतों का निपटारा किए जाने की कार्रवाई की जांच की। इस दौरान बिजली मंत्री ने बिजली निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय में उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान होना चाहिए।

            बिजली मंत्री रोहतक स्थित उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यालय में बिजली शिकायत केंद्र में पहुंचे। यहां पर उन्होंने बिजली निगम अधिकारियों के सामने ही उपभोक्ताओं से बात की और उनकी शिकायतों पर की गई कारवाई की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने एक शिकायतकर्ता की शिकायत पर 24 घंटे बीतने के बाद भी हल नहीं होने पर एसई को जांच कर सम्बन्धित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

            उन्होंने निगम एसई को निर्देश देते हुए कहा कि जो शिकायतें 4 घंटे से ज्यादा तक हल नहीं हुई हैं, उनकी जांच करते हुए संबंधित स्टाफ से स्पष्टीकरण लिया जाए और रिपोर्ट उनके पास भेजी जाए। इसके अलावा, निर्देश दिए कि बिजली के पोल कही भी नाले, नालियों तथा रास्तों के बीच नहीं होने चाहिए। यदि कहीं इस तरह से कोई पोल है तो उसको तुरंत प्रभाव से हटाकर उचित जगह पर लगाए जाए। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

 

*महिलाओं को सशक्त बनाने में जुटी सरकार- महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी*

*कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से विशेष लगाव*

*कैबिनेट मंत्री ने प्रदेशवासियों को दी बसंत पंचमी की शुभकामनाएं*

चंडीगढ़, 02 फरवरी- हरियाणा की महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण व स्वावलंबन के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि उनके दादा पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी बंसी लाल ने करीब दो दशक पहले उनके पिता के देहांत के बाद सिर पर पगड़ी रखकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया था, वो आज कारगर सिद्ध हो रहा है। लड़कियां खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल लेकर आती हैं, तो उनका सम्मान भी पगड़ी पहनाकर करते हैं।

            महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी आज भिवानी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भिवानी के भीम खेल परिसर में आयोजित बसंत पंचमी महोत्सव को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थी। इस दौरान भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी कुमार उपस्थित रही।

            उन्होंने बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का हरियाणा से विशेष स्नेह व लगाव है। इसका उदाहरण बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ राष्ट्रीय अभियान है जिसकी शुरुआत पानीपत की ऐतिहासिक भूमि से हुई थी। उन्होंने कहा कि सरकार उनके दादा स्व. चौधरी बंसीलाल का सपना को साकार कर रही है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए उनके दादा की दूरगामी सोच थी। उन्होंने कहा कि लगभग दो दशक पहले उनके पिता का दुर्घटना में देहांत हुआ तो सामाजिक रूढ़िवादी प्रथा को तोड़ते हुए मुझे पगड़ी पहनाकर साहसिक निर्णय लिया था। आज मौजूदा समाज में चौ. बंसी लाल का फैसला सार्थक साबित हुआ।

            उन्होंने आमजन का आह्वान करते हुए कहा कि बेटियों को स्वावलंबी व सशक्त बनाने के लिए सबको सामूहिक प्रयास करने होंगे। बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब अपना संबोधन शुरू करते है तो भारत माता की जय का नारा लगाते हैं। जहां मां दुर्गा, सरस्वती, मां काली की पूजा होती है, वहां नारी शक्ति कमजोर नहीं हो सकती। उन्होंने विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से भी अनुरोध किया कि वे निष्ठा व ईमानदारी से महिलाओं के हित में कार्य करें ताकि विभाग की योजनाओं का लाभ मिल सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं व बच्चों पर सरकार की योजनाओं का असर दिखना चाहिए।

            महिला एवं बाल विकास मंत्री ने बताया कि बच्चों के पालन-पोषण के लिए राज्य सरकार के 100 दिन पूर्ण होने पर 324 क्रेच जनता को समर्पित किए गए है। उन्होंने कहा कि चौ. बंसीलाल ने भिवानी के भीम स्टेडियम के इसी मंच से उन्हे पगड़ी पहनाकर बेटियों को आगे बढ़ाने का कार्य किया था। जो पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल की महिला समानता को लेकर ऊंची सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने बजट में टैक्स सीमा 7 लाख से 12 लाख तक बढ़ाकर आमजन को बड़ी राहत दी है।

            विभाग की आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी कुमार ने कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी व अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं व बच्चों के हित में लागू की गई योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त अभियान व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों को बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन के लिए महिला हित में कार्य किया जा रहा है। इन योजनाओं को विभाग द्वारा सही ढंग से लागू किया जाना चाहिए ताकि जरूरतमंद महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।

 

*मेहनत करने वालो की सफलता सुनिश्चित- महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी*

*कहा, शिक्षा के बल पर हासिल किया जा सकता है बड़ा मुकाम*

*भिवानी के लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाना मेरा नैतिक दायित्व*

चंडीगढ़, 02 फरवरी- हरियाणा की महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं है। शिक्षा के बल पर ही हम कोई भी मुकाम हासिल कर सकते हैं। शिक्षा से ही देश व समाज की तरक्की होती है। भारत युवाओं का देश है। पूरी दुनिया भारत का लोहा मानती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में पूरे विश्व की नजर भारत की तरफ होती है। भारत के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। इसलिए युवाओं को संस्कार एवं गुणवत्ता पूर्वक शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए।

            महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी आज भिवानी में वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि भारत उभरती हुई ताकत है। आने वाले समय में भारत दुनिया की सबसे बड़ी तीसरी ताकत होगा। भारत के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।

            उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे कड़ी मेहनत करें। आज मेहनत करने वाले युवाओं के लिए हर तरफ दरवाजे खुले हैं। वे व्यापार, उद्योग, राजनीति, नौकर सहित किसी भी क्षेत्र में अपना भाग्य आजमा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्व. चौधरी बंसीलाल हमारे ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भिवानी जिले के लोगों से स्व. चौधरी बंसीलाल व चौ. सुरेन्द्र सिंह का गहरा लगाव रहा है। श्रुति चौधरी ने कहा कि मैं आपकी बेटी हूँ, भिवानी के लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाना मेरा नैतिक दायित्व है।

 

*हरियाणा सरकार ने दिल्ली विधानसभा, 2025 के आम चुनाव (मतदान के दिन) सवेतन अवकाश की घोषणा की*

चंडीगढ़, 2 फरवरी – हरियाणा सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली विधानसभा 2025 के आम चुनाव के लिए मतदान के दिन 5 फरवरी, 2025 (बुधवार) को राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षिक संस्थानों, बोर्ड और निगम आदि में कार्यरत उन कर्मचारियों को जो उक्त आम चुनाव में अपना वोट डालने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, के लिए सवेतन अवकाश/विशेष आकस्मिक अवकाश (सवेतन) की अधिसूचना के माध्यम से घोषणा की गई है।

            मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, हरियाणा में स्थित विभिन्न कारखानों, दुकानों और निजी प्रतिष्ठानों के कर्मचारी, जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में मतदाता के रूप में पंजीकृत भी धारा 135-बी के तहत सवैतनिक अवकाश के हकदार हैं।

*विकसित भारत के चार स्तंभों गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को मजबूत करेगा आम बजट– विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार*

*बजट में आगामी 25 वर्षों की विकास यात्रा को गति देने के लिए बुनियादी ढांचे, डिजिटल अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि व रोजगार सृजन क्षेत्रों किया गया है फोकस*

*12 लाख तक की आय को आयकर सीमा से छूट देकर मध्यम वर्ग को भी मिली बड़ी राहत*

चंडीगढ़, 2 फरवरी-  हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने केंद्रीय वित्तमंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए आम बजट को हर वर्ग के लिए कल्याणकारी बताते हुए कहा कि बजट में विकसित भारत के चार स्तंभों गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को मजबूत करने की झलक दिखी है। वहीं, 12 लाख रुपए तक की आमदनी में आयकर छूट से नौकरीपेशा मध्यम वर्ग को भी बड़ी राहत देने का काम किया गया है।

            श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरे कार्यकाल में आम बजट आमजन की बेहतरी, विकास को गति देने वाला और मध्यम वर्ग की वित्तीय क्षमता बढ़ाने की दिशा में पेश किया गया बजट है। उन्होंने कहा कि हर घर, नल से जल योजना को वर्ष 2028 तक बढ़ाने, महिला युवा उद्यमियों को 2 करोड़ रुपए तक का टर्म लोन, किसानों को क्रेडिट कार्ड लिमिट 3 लाख रुपए से बढ़ाकर 5 लाख रुपए किए जाने से हर वर्ग का कल्याण सुनिश्चित करने का प्रयास सरकार ने किया है।

*हरियाणा बनेगा वैश्विक शिक्षा का केंद्र, एआई और आधुनिक स्किल्स का मिलेगा प्रशिक्षण*

            विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट में शिक्षा के क्षेत्र में आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को बढ़ावा देने के लिए 500 करोड़ रुपए के कुल परिव्यय से शिक्षा हेतु कृत्रिम बुद्धिमत्ता संबंधी एक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने का जो प्रकल्प किया है, वो आधुनिक शिक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इसी दिशा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार का भी संकल्प है कि हम हरियाणा को वैश्विक शिक्षा का केंद्र बनाएंगें, जो एआई और आधुनिक स्किल्स का प्रशिक्षण प्रदान करेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

            उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि प्रदेश के हर गरीब व जरूरतमंद व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाओं का सुगमता से लाभ मिले। इसी दिशा में केंद्रीय बजट में कैंसर मरीजों के बेहतर इलाज व समय पर कैंसर की पड़ताल सुनिश्चित करने के लिए न केवल कैंसर दवाइयों को ड्यूटी फ्री करते हुए उन्हें सस्ता किया गया है, बल्कि अगले तीन साल में हर जिला में कैंसर डे केयर को स्थापित करने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

            उन्होंने कहा कि बजट में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, सेल्फ हेल्प ग्रुप के सदस्यों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की ऋण आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए “ग्रामीण क्रेडिट स्कोर” फ्रेमवर्क विकसित करने की योजना बनाई गई है जिससे उनके व्यापारों को बढ़ावा मिलेगा।

            श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि केंद्रीय बजट 2025-26 आत्मनिर्भर भारत व विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है। यह बजट सभी वर्गों की आकांक्षाओं को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगा। इस सर्वसमावेशी बजट में देश के आगामी 25 वर्षों की विकास यात्रा को गति देने के लिए बुनियादी ढांचे, डिजिटल अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रक्षा, रोजगार सृजन जैसे सभी क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया है। यह बजट 140 करोड़ देशवासियों के कल्याण और भारत को आत्मनिर्भर बनाने वाला ऐतिहासिक बजट है।

*नए जिले, तहसील, सब–तहसील के पुर्नगठन के संबंध में आगामी 4 फरवरी को होगी बैठक*

*विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार करेंगे बैठक की अध्यक्षता*

चंडीगढ़, 2 फरवरी- हरियाणा में प्रशासनिक ईकाई जैसे मंडल, जिला, उपमंडल, तहसील, सब-तहसील, ब्लॉक्स, पंचायत और पंचायत समितियों के पुर्नगठन के संबंध में हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित मंत्री समूह की सब कमेटी की बैठक 4 फरवरी, 2025 को हरियाणा सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल पर होगी। बैठक में सदस्य के रूप में शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा भी उपस्थित रहेंगे।

            श्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित मंत्री समूह की सब कमेटी की पिछली बैठक में चार महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे। जिसमें महेंद्रगढ़ जिले के मंडोला गांव को उप तहसील सतनाली में और जिला रेवाड़ी के गांव बरेली कलां को उप-तहसील पाल्हावास से निकालकर तहसील रेवाड़ी में शामिल किया गया। इसी प्रकार जिला यमुनानगर के गांव गुन्दियाना को तहसील रादौर से निकालकर उप-तहसील सरस्वतीनगर में, फरीदाबाद के सैक्टर 15, 15 ए, सैक्टर 16 ए को तहसील बड़खल से निकालकर फरीदाबद के रजिस्ट्रेशन सेंगमेंट में सैक्टर 21 ए तथा बी को तहसील फरीदाबाद से निकालकर तहसील बड़खल के रजिस्ट्रेशन सेंगमेंट में शामिल करने का भी निर्णय लिया गया था।

            आगामी 4 फरवरी को होने वाली बैठक में भी लोगों से प्राप्त आवेदनों पर कमेटी द्वारा विचार किया जाएगा और निर्धारित मानदंडों के अनुरूप में नए जिले, तहसील, उप-तहसील के सबंध में निर्णय लिया जाएगा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button