हरियाणा

Haryana News: राष्ट्रीय युवा दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं के लिए सौग़ातों की लगाई झड़ी

Haryana News: चंडीगढ़ , 12 जनवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज स्वामी विवेकानंद की 163 वीं जयंती युवाओं को समर्पित करते हुए प्रदेश के युवाओं के लिए सौग़ातों की झड़ी लगा दी। उन्होंने ग्रामीण युवाओं के लिए एक साथ 250 ज़िम का उदघाटन करने के बाद जहां आठ अधिसूचित खेलों के लिए मुफ्त खेल उपकरण तथा राज्य के वार्षिक खेल कैलेंडर में ” अंतर युवा क्लब खेलों ” को शामिल करने की घोषणा की , वहीं प्रदेश के हर ब्लॉक में कम से कम एक आईटीआई खोलने की बात कही।

मुख्यमंत्री यही नहीं रुके उन्होंने विभिन्न देशों की भाषाओं में युवाओं को दक्ष बनाने के लिए एक खास नीति बनाने और उसे संबंधित एजेसी से प्रमाणित करवाने का खर्च भी सरकार द्वारा वहन करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज राष्ट्रीय युवा दिवस और स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में युवाओं को सम्बोधित कर रहे थे।

इससे पूर्व उन्होंने युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए प्रेरित करने वाले एक गीत का लोकार्पण किया जिसको प्रसिद्ध गायक नवीन पुनिया ने गाया। उन्होंने आईटीआई के प्रशिक्षुओं को जॉब के ऑफर लैटर भी प्रदान किए। उन्होंने एनएसएस के  अवार्डी युवाओं और  वालंटियर्स को भी सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने ओजस्वी भाषण में स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए युवाओं को प्रदेश से नशा की सामाजिक बुराई को समाप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी जी ने भारत में नव-जागरण का शंखनाद किया था। उन्होंने देशवासियों में आत्म-सम्मान और गौरव से जीने की लौ तथा आध्यात्मिक जागृति पैदा की।

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द भी कुश्ती के खेल को बहुत पसंद करते थे। वे पढ़ने के भी बहुत शौक़ीन थे , इतने ध्यान और एकाग्रचित्त होकर पढ़ते थे कि वे एक बार जिस किताब को पढ़ लेते थे वह कभी नहीं भुलते थे।

मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के बचपन से लेकर रामकृष्ण परमहंस आश्रम में पहुंचने और अमेरिका की धर्म संसद में दिए गए उनके प्रभावशाली भाषण का विस्तार से जिक्र करते हुए कहा कि हमारे संविधान और संस्थाओं के भविष्य की जिम्मेदारी भी आप युवाओं के कंधों पर है। आगे चलकर संविधान की मूल भावना के अनुरूप देश आपको ही चलाना है।

10 वर्षों में हमने युवाओं को दिया खुला आसमान

उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के हित में किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि हमारी सरकार का यह तीसरा कार्यकाल है। पिछले दो कार्यकालों के 10 वर्षों में हमने पूरा प्रयास किया है कि आपको खुला आसमान दें। हमने आपको 21वीं सदी की आधुनिक शिक्षा देने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू कर रहे हैं। हाथ के हुनर से कमाल करने वाले नौजवानों की मदद के लिए पी.एम. विश्वकर्मा योजना लागू की है। प्रदेश के युवाओं को स्किल से जोड़ने के लिए राज्य में देश का पहला श्री विश्वकर्मा कौशल विकास विश्वविद्यालय भी खोला गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जहां एचसीएस जैसी नौकरियों की बन्दरबाट सत्ताधारी नेताओं के रिश्तेदारों में होती थी वहीं हमारी सरकार ने युवाओं को मेरिट के आधार पर लगाया है , कई गरीब घरों के प्रतिभावान युवा एचसीएस नौकरी लगे हैं।  उन्होंने बताया कि  पिछले 10 सालों में हमने बिना पर्ची-खर्ची के 1 लाख 71 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी हैं और तीसरे कार्यकाल में 2 लाख युवाओं को योग्यता के आधार पर पक्की सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा हुआ है।

कौशल के माध्यम से बनाया युवाओं को हुनरमंद

उन्होंने बताया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से भी युवाओं को न केवल रोजगार दिया है बल्कि उनके रोजगार की सुरक्षा भी सुनिश्चित की है। ‘नल जल मित्र’ कार्यक्रम के तहत हीरो मोटो कॉर्प लिमिटेड से 6 हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिलवाया है। वे ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति में मदद कर रहे हैं। हमारी सरकार ने ‘ड्रोन दीदी योजना’, ‘कॉन्ट्रेक्टर सक्षम युवा योजना’, और ‘आई.टी. सक्षम युवा योजना’ जैसी योजनाओं की शुरूआत की है। इस योजना से 25 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिले हैं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने डोंकी रुट से युवाओं के विदेश भेजने पर चिंता जाहिर करते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस ग़लत प्रक्रिया से बचाएं। उन्होंने बताया कि विदेशों में रोजगार की तलाश करने वाले युवाओं की मदद के लिए ‘विदेश सहयोग विभाग’ बनाया है।

विदेशों में बसे हरियाणवियों के लिए बनाया ‘ग्लोबल हरियाणवी’ पोर्टल

उन्होंने बताया कि जो हरियाणवी दूसरे देशों में बसे हुए हैं और उनके परिवार यहीं पर हैं। ऐसे हरियाणवियों के लिए हमने ‘ग्लोबल हरियाणवी केन्द्र’ नामक एक पोर्टल बनाया है। इस पर वे अपनी समस्याओं को डालकर मदद पा सकते हैं। चाहे वह जमीन-जायदाद से जुड़ी हुई समस्या हो या परिवार में किसी भी प्रकार के झगड़े की अथवा प्रदेश में निवेश करने के लिए उनकी इच्छा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राइवेट क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने के लिए सरकार ने  ‘डुअल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग’ के तहत लगभग 258 उद्योगों के साथ साझेदारी कर व्यावहारिक प्रशिक्षण देने का भी काम शुरू किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक राज्य का हर युवा हुनरमंद हो और वित्तीय रूप से समृद्ध हो। इसी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए स्कूलों में NSQF. कॉलेजों में ‘पहल योजना’, विश्वविद्यालयों में इन्क्यूबेशन सेंटर और तकनीकी संस्थानों में उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण के लिए उद्योगों के साथ एम.ओ.यू. करने जैसे कारगर कदम उठाये गये हैं।

उन्होंने युवाओं से राजनीति में भागीदारी करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं से आह्वान किया है कि उन्हें सक्रिय राजनीति में आगे आना चाहिए , क्योंकि आने वाला समय युवाओं का है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवाओं के लिए कई घोषणाएं करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ‘हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना 2024-25’ के तहत खेलों के मुफ्त खेल उपकरण देती है ,अब इस योजना में युवा क्लबों को भी शामिल किया जाएगा। भविष्य में राज्य के वार्षिक खेल कैलेंडर में ‘अंतर युवा क्लब खेलों’ को शामिल किया जाएगा। खेल विभाग इन खेलों का आयोजन हर साल करेगा।

आठ अधिसूचित खेलों के लिए दिए जाएंगे मुफ्त खेल उपकरण

उन्होंने बताया कि 8 अधिसूचित खेलों के लिए मुफ्त खेल उपकरण दिए जाएंगे। इन खेलों में वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, मुक्केबाजी, कुश्ती, जूडो और क्रिकेट शामिल हैं। हर साल खेल विभाग युवा क्लबों के लिए दो साहसिक खेल शिविरों का आयोजन करेगा।

श्री नायब सिंह ने यह भी घोषणा की कि हरियाणा के हर ब्लाक में कम से कम एक आई.टी.आई. खोली जाएगी। राज्य के 142 ब्लाक में से 26 ब्लाक ऐसे हैं जहां आई.टी.आई. नहीं है। इनमें से 6 ब्लॉकों में नए सरकारी आई.टी.आई. खोलने का प्रस्ताव पहले ही स्वीकृत हो चुका है और भवन निर्माण प्रक्रिया में है। शेष 20 ब्लाकों में भी आई.टी.आई. खोले जाएंगे जिन पर 400 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि युवाओं का विदेशी भाषा सीखने और उसे संबधित एजेंसी से प्रमाणित करवाने का खर्च सरकार वहन करेगी। उन्होंने बताया कि आज से हॉरट्रान एडवांस्ड स्किल सेंटर परियोजना शुरू कर रहे हैं। इसके तहत पहले वर्ष में 87 एडवांस्ड स्किल सेंटर खोले जाएंगे। ये केंद्र NSQF मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे। इससे हमारे युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त कौशल मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि इससे पहले हॉरट्रान के स्किल सेंटर मुख्य रूप से जिला स्तर पर ही खुले हुए थे। अब एडवांस्ड स्किल सेंटर उप-मंडल और ग्रामीण विकास खंडों पर भी खोले जाएंगे। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और ब्लॉकचेन जैसी उभरती हुई तकनीकों में उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएँ बढ़ेंगी।

युवा अपनी ऊर्जा को नवाचार के सदुपयोग में लगाएं : गौरव गौतम

खेल एवं युवा सशक्तिकरण व उद्यमिता राज्य मंत्री श्री ग़ौरव गौतम ने कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि आज का दिन युवाओं में साहस और ऊर्जा का संचार करने वाला दिन है। उन्होंने विवेकानंद जी द्वारा कहे वो शब्द दोहराए जिनमे उन्होंने कहा था कि मुझे 100 युवा दे दीजिये , मैं भारत की तकदीर बदल सकता हूँ। उन्होंने कहा कि अगर विवेकानंद आज होते तो वे डिजिटलकरण के इस युग में इंटरनेट को केवल मनोरंजन का साधन बनाने की बजाए अपनी ऊर्जा को नवाचार में सदुपयोग करने के लिए युवाओं को प्रेरित करते।

श्री गौतम ने हरियाणा को खेलों का पॉवर हाउस और पदकों की खान का दर्जा देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा हर क्षेत्र में प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

इससे पूर्व , उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विनीत गर्ग ने अतिथियों का स्वागत करते हुए युवाओं के हित में शुरू की गई अनेक योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर विधानसभा के पूर्व स्पीकर श्री ज्ञानचंद गुप्ता , सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के एम पांडुरंग , अतिरिक्त निदेशक श्रीमती वर्षा खांगवाल भी उपस्थित थी।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री के साथ युवाओं ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन भी किया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button