हरियाणा

Haryana News: हरियाणा में भूपेंद्र हुड्डा की वजह से बीजेपी की तीसरी बार सरकार बनी है: अभय चौटाला

Haryana News: चंडीगढ़, 24 जनवरी। इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में बीजेपी की सरकार बने 100 दिन नहीं बल्कि दस साल और सौ दिन हो चुके हैं और इस दौरान बीजेपी ने हरियाणा प्रदेश को पूरी तरह से गर्त में पहुंचा दिया है। इन दस साल और 100 दिनों में बीजेपी ने बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, नशा, प्रदेश के उपर कर्ज और कानून व्यवस्था खराब करने में बढ़ोतरी की है। बिजली के रेट बढ़ा दिए, कलेक्टर रेट बढ़ा दिए हैं जिससे गरीब आदमी के लिए प्रॉपर्टी खरीदना और भी महंगा हो गया है। बीजेपी सरकार ने केवल अखबार की सुर्खियों में बने रहने के लिए प्रेस कांफ्रेंस करके झूठी घोषणाएं की हैं और टैक्स के रूप में लिए गए प्रदेश की जनता की गाढ़ी कमाई के हजारों करोड़ रूपए बड़े बड़े विज्ञापनों पर फूंके गए हैं। बीजेपी सरकार ने चुनावों में जो वादे किए थे उन्हें अब भूल गई है। किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदने और महिलाओं को हर महीने 2100 रूपए देने का वादा आज हवा हवाई हो गया है। ओलावृष्टि से खराब हुई 85 हजार एकड़ मुआवजा देने का वादा किया था लेकिन अब तक उसका कोई जिक्र नहीं है। कोर्ट बीजेपी सरकार द्वारा लिए गए फैसलों को पलट रही है जिसका मतलब है कि सरकार सही फैसले नहीं ले रही। आज हरियाणा प्रदेश पूरी तरह से कर्ज में डूब चुका है और उसी कर्ज को चुकाने के लिए सरकार को कर्ज लेना पड़ रहा है। बीजेपी सरकार के पास सरकारी खजाने में आमद बढ़ाने की कोई ठोस योजना नहीं है और बातें बड़ी बड़ी कर रहे हैं। हरियाणा के युवाओं को सिर्फ डी कैटेगरी की सरकारी नौकरी दी जा रही है वहीं ए और बी कैटेगरी की नौकरियां बाहर के लोगों को दी जा रही हैं जिसका ताजा उदाहरण है कि आयुर्वेद के डॉक्टर लगाए गए जो एक ही संस्थान से पढ़े हैं और उनको खर्ची के तहत पैसे लेकर लगाया गया है। वहीं 100 के लगभग एसडीओ सिंचाई विभाग में लगने हैं जिसकी लिस्ट आउट होनी है उनमें से 90 फिसदी से अधिक लोग बाहर के प्रदेशों के लगाए गए हैं। बीजेपी की सरकार ने प्रदेश के व्यापारियों का 2500 करोड़ रूपए माफ कर दिए लेकिन किसान आज भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है उनकी एक भी जायज मांगों को नहीं पूरा किया है।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस दोनो मिल कर हरियाणा प्रदेश को बर्बाद कर रहे हैं। आज हरियाणा में भूपेंद्र हुड्डा की वजह से बीजेपी की तीसरी बार सरकार बनी है और कांग्रेस की आज हालत यह है कि 100 दिन बीत चुके हैं लेकिन नेता प्रतिपक्ष का चयन नहीं कर पाई है। विपक्ष के तौर पर जनता की आवाज उठाने की बजाय कांग्रेसी आपस में ही लड़ रहे हैं, इससे पता चलता है कि कांग्रेस को प्रदेश की जनता से कोई लेना देना नहीं है और ऐसे में कांग्रेस से विपक्ष की भूमिका निभाने की जनता को कोई उम्मीद भी नहीं है। पिछले कार्यकाल में भूपेंद्र हुड्डा ने सिर्फ चुटकुले और शायरी सुनाई। इनेलो से वे एकमात्र विधायक थे तब भी उन्होंने ही पांच साल विपक्ष की लड़ाई लड़ी थी। अब इनेलो के दो विधायक हैं जो विपक्ष की लड़ाई लड़ते हुए दिखाई देंगे।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि चौटाला साहब के जाने से सबसे बड़ा नुकसान किसान, मजदूर और कमेरे का हुआ है। काम के बदले अनाज, गरीब कन्या के विवाह में 5100 रूपए कन्यादान और बुजुर्गों को पेंशन चौ देवीलाल ने शुरू की थी उन्हीं योजनाओं को आज की सरकार नए नाम देकर लोगों में झूठी वाहवाही लूट रही है। सरकार आपके द्वार चौटाला साहब ने शुरू किया था जिसके द्वारा अधिकारियों को आम लोगों के बीच में जाकर काम करने की आदत डलवाई। आज बीजेपी सरकार की हालत यह है कि अधिकारी एमएलए और एमपी के फोन तक नहीं उठाते। सरकार के कहने से चपरासी तक नहीं बदला जाता तो आम आदमी इनसे क्या उम्मीद करेगा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button