हरियाणा

Haryana News: दिल्ली की चुनावी फिजा बदलने में जुटे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, चुनावी अभियान से बैकफुट पर दिख रहे हैं केजरीवाल

Haryana News: नई दिल्ली, 1 फ़रवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने करिश्माई नेतृत्व से हरियाणवी चुनावी हवा की तर्ज पर दिल्ली चुनावी फिजा बदलने में जुटे हैं। हरियाणा में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव से महज चंद माह पहले भाजपा ने ओबीसी समाज से एक सामान्य घर से आए नायब सिंह सैनी को प्रदेश की बागडोर सौंपी थी। लोकसभा चुनाव से पहले महज 56 दिन के कार्यकाल में नायब सिंह सैनी ने इतनी योजनाएं लागू की कि विधानसभा चुनाव में हरियाणा की जनता ने उन्हें लगातार दूसरी बार सत्ता सौंप दी। नायब सिंह सैनी के आत्मविश्वास, अथक मेहनत एवं भाजपा की नीतियों में आस्था का परिणाम था कि हरियाणा विधानसभा में भाजपा को शानदार जीत मिली और 48 सीटों के साथ लगातार तीसरी बार राज्य में भाजपा की सरकार बनी जो अपने आप में एतिहासिक है।

अब जब दिल्ली में अरविंद केजरीवाल फिर से आम आदमी पार्टी की जीत के लिए पुरजोर लगा रहे हैं ऐसे में हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर नायब सिंह सैनी ने महज सौ दिन में जिस तरह से बड़े-बड़े वायदे पूरे किए हैं, उसे देखते हुए पार्टी ने उन्हें दिल्ली में आप पार्टी को सत्ता से बाहर करने के लिए मैदान में उतार दिया है। हरियाणा में शपथ लेने से पहले 25 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने, महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलिंडर देने, सभी मेडिकल कॉलेजों एवं जिला अस्पतालों में डायलिसिस की निशुल्क सुविधा देने वाला पहला प्रदेश बनाने, पानीपत से बीमा सखी योजना की शुरूआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करवा, पंचायती राज प्रणाली में महिलाओं को 50 प्रतिशत का आरक्षण, पिछड़ा वर्ग को निकाय चुनाव में आरक्षण देने, राज्य में अनुसूचित जातियों में वर्गीकरण के सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लागू करने, हरियाणा में पंचायती कृषि भूमि पर पट्टेदारों व कब्जाधारकों को मालिकाना हक दिए जाने, सभी फसलों की एमएसपी पर खरीद किए जाने, समाधान शिविरों की खुद मॉनिटरिंग कर आम जन की सुनवाई किए जाने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ौतरी करने, टीबी उन्मूलन अभियान लागू किए जाने जैसे ऐसे लोकप्रिय फैसले हैं कि सरकार बनने के 100 दिन में नायब सिंह सैनी ने अपने आप को आमजन व जमीन से जुड़ा हुआ नेता साबित कर दिया।

नायब सिंह सैनी का मुस्कुराता चेहरा उनके द्वारा किए गए जा रहे कार्यों के कारण भाजपा का एक बड़ा ओबीसी चेहरा बन गया है। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने जब से उन्हें दिल्ली चुनाव में प्रचार के लिए उतारा है तब से आप पार्टी के प्रचार की धार को कुंद करने में जुटे हैं और काफी हद तक सफल भी हुए हैं। अरविंद केजरीवाल के आरोपों और उनकी बतौर मुख्यमंत्री दस साल की कार्यशैली पर नायब सैनी जिस सटीकता और हरियाणवी स्टाइल में जवाब दे रहे हैं वह देखने लायक है और इसका फिलहाल आप के पास कोई तोड़ नजर नहीं आ रहा है। सैनी पिछले कुछ दिनों में यह साबित करने में कामयाब रहे हैं कि केजरीवाल भले ही खुद को हरियाणा का बेटा बताते आए हों लेकिन असल में वे यह सिर्फ उनका चुनावी जुमला था। तीन तरफ से दिल्ली को घेरे हुए हरियाणा का दिल्ली चुनाव पर गहरा प्रभाव पड़ता है और ऐसे में माना जा रहा है कि नायब सिंह सैनी इस बार भाजपा के लिए तुरुप का इक्का साबित होंगे।

अरविंद केजरीवाल हाल फिलहाल में यमुना नदी का पानी रोकने और अब यमुना में हरियाणा द्वारा जहर मिलाने का ब्यान देकर हरियाणवियों की सहानुभूति खो चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिस तरह से हरियाणा पर यमुना नदी में जहर मिलाने के आरोप का जवाब यमुना नदी का पानी पीकर दिया है, उससे अरविंद केजरीवाल बैकफुट नजर आ रहे हैं। यमुना के पानी को लेकर आम आदमी पार्टी के चुनावी अभियान को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ी मजबूती से पंक्चर ही नहीं किया बल्कि इस मुद्दे पर हरियाणा सहित दिल्ली में रह रहे हरियाणवियों का दिल जीत लिया है। बाहरी दिल्ली में हरियाणवी लोगों का विशेष प्रभाव रहता है। इस बार नायब सिंह सैनी का दिल्ली के इन इलाकों में विशेष प्रभाव नजर आने लगा है।

दिल्ली चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, भाजपा नेतृत्व हरियाणा के सीएम की अधिक से अधिक रैलियां करवा रहा है। जिस कारण भाजपा का चुनावी अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। लोगों में चर्चाएं हैं कि नायब सिंह सैनी से प्रभाव से इस बार दिल्ली की चुनावी फिजा बदलती दिख रही है। दिल्ली में लगभग 30 प्रतिशत ओबीसी वोट है। जो लोकसभा चुनाव में भाजपा की ओर आ गया था। अब नायब सिंह सैनी की अगुवाई में यह वोटबैंक भाजपा के पाले में आता दिखाई दे रहा है। चुनाव परिणाम चाहे जो भी रहें, लेकिन जिस तरह से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना पानी के मुद्दे पर केजरीवाल को जबरदस्त जवाब दिया है, केजरीवाल व उनकी पार्टी बैकफुट पर नजर आ रही है और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रदेश में दी गई सरकारी नौकरियां, अब तक लागू की गई योजनाओं से आमजन को मिली सुविधाओं का दिल्ली की जनता में विशेष प्रभाव देखने को मिल रहा है। जिसका भाजपा को निश्चित तौर पर फायदा मिलता दिख रहा है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button