देश

Gold–Silver Market Shock: रिकॉर्ड तेजी के बाद अचानक फिसली कीमतें, चांदी ₹34,000 गिरी, सोना ₹8,000 तक टूटा

लगातार ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचने के बाद सोना और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को तेज गिरावट देखने को मिली। निवेशकों की मुनाफावसूली और बाजार में करेक्शन के चलते कीमती धातुओं के दाम एक झटके में नीचे आ गए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही सोना और चांदी दोनों दबाव में नजर आए।

MCX पर चांदी की कीमतों में करीब 34,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। वहीं सोना भी लगभग 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। यह गिरावट ऐसे समय आई है, जब एक दिन पहले ही चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था। गुरुवार को चांदी 3,99,893 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, जबकि इसका अब तक का सबसे ऊंचा स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था। इस शिखर से कीमतें एक ही कारोबारी दिन में करीब 44,000 रुपये से ज्यादा टूट गईं।

सोने की कीमतों में भी तेज करेक्शन देखा गया। MCX पर सोना खुलते ही लाल निशान में चला गया और शुरुआती कारोबार में ही इसमें भारी गिरावट दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार तेजी के बाद निवेशकों ने ऊंचे स्तरों पर मुनाफा निकालना शुरू किया, जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ा।

घरेलू सराफा बाजार में गुरुवार को सोना और चांदी दोनों ने रिकॉर्ड बनाए थे। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के मुताबिक, चांदी ने चौथे लगातार सत्र में तेजी जारी रखते हुए 19,500 रुपये या करीब 5 फीसदी की बढ़त दर्ज की थी और यह सभी करों सहित 4,04,500 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। इसी तरह 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी 12,000 रुपये चढ़कर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा था।

जनवरी महीने में अब तक सोने की कीमतों में 24 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की जा चुकी है, जो जनवरी 1980 के बाद की सबसे बड़ी मासिक बढ़त मानी जा रही है। वहीं चांदी ने इस महीने करीब 62 फीसदी की छलांग लगाई है, जो इसके इतिहास की सबसे तेज मासिक उछाल की ओर इशारा करती है।

प्रमुख शहरों में सोने के भाव ऊंचे स्तरों पर बने हुए हैं। मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों में 24 कैरेट सोना करीब 1.70 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि दिल्ली और कोलकाता में इसके दाम इससे थोड़ा कम दर्ज किए गए। आमतौर पर दक्षिण भारत के बाजारों में सोने के दाम उत्तर भारत की तुलना में ज्यादा रहते हैं।

चांदी की बात करें तो मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और बेंगलुरु में इसके भाव 4 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास बने हुए हैं, जबकि कोलकाता में चांदी अपेक्षाकृत सस्ती रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी हल्की नरमी देखी गई। कॉमेक्स पर सोना घटकर करीब 5,412 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 117 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करती दिखी। इससे पहले दोनों धातुएं रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच चुकी थीं।

विश्लेषकों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, भू-राजनीतिक तनाव और केंद्रीय बैंकों की नीतियों को लेकर असमंजस के कारण सोना-चांदी सुरक्षित निवेश के रूप में तेजी से चमके। हालांकि अब ऊंचे स्तरों से मुनाफावसूली के चलते बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button