
Delhi Politics: भाजपा सरकार के एक साल पूरे, सीएम रेखा गुप्ता ने गिनाईं उपलब्धियां; विपक्ष ने बताया ‘जश्न नहीं, जवाबदेही का वक्त’
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को सत्ता संभाले एक वर्ष पूरा हो गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा पेश करते हुए इसे जनसेवा और भरोसे की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि बीते बारह महीने सिर्फ शासन का समय नहीं रहे, बल्कि दिल्ली को बेहतर बनाने की ईमानदार कोशिश का दौर रहे हैं। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए तीखा हमला बोला।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। पीतमपुरा स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क में उन्होंने विकास कार्यों की शुरुआत करते हुए कहा कि जिस इलाके ने उन्हें पहचान दी, वही आज उनके लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी है। अपने संबोधन के दौरान वह कई बार भावुक भी नजर आईं और अपने बचपन तथा छात्र जीवन के संघर्षों को याद किया।
सीएम ने कहा कि त्रिनगर से पीतमपुरा पहुंची एक सामान्य परिवार की बेटी ने कभी नहीं सोचा था कि उसे दिल्ली की सेवा का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता से उनका जुड़ाव पद की वजह से नहीं, बल्कि विश्वास की डोर से है। मुख्यमंत्री ने 2025 में 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा सरकार बनने को जनता की अपेक्षाओं की जीत बताया।
विकास कार्यों पर सरकार का फोकस
एक साल की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शालीमार बाग क्षेत्र में करीब 250 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं या तेजी से प्रगति पर हैं। इनमें डिस्ट्रिक्ट पार्क का नवीनीकरण, नए प्रवेश द्वार, फाउंटेन, शौचालय, बेहतर फुटपाथ और अन्य नागरिक सुविधाएं शामिल हैं। उनके मुताबिक इन योजनाओं का मकसद सिर्फ निर्माण नहीं, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाना है।
भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने मुनक नहर पर प्रस्तावित एलिवेटेड रोड, नहर किनारे सौंदर्यीकरण, छठ घाट, आधुनिक ऑडिटोरियम, मॉडल स्कूल, कम्युनिटी हॉल, आयुर्वेदिक अस्पताल का विस्तार, उन्नत मातृ-शिशु केंद्र और नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं को दिल्ली के विकास की दिशा में अहम बताया।
पीएम मोदी को बताया प्रेरणा स्रोत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइट, पार्कों और बाजारों में किए गए सुधारों से विकास जमीन पर दिख रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और सरकार इसी भरोसे के साथ आगे बढ़ रही है।
विपक्ष का सरकार पर वार
सरकार की पहली वर्षगांठ पर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उपलब्धियों के बजाय कथित फर्जीवाड़े का जश्न मना रही है। उन्होंने चुनाव के दौरान किए गए वादों और कथित वितरण का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद जनता को कुछ भी नहीं मिला।
वहीं, कांग्रेस ने भी भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि राजधानी में टूटी सड़कों, खुले नालों, प्रदूषण और बढ़ते हादसों के बीच सरकार जश्न मना रही है। उन्होंने कहा कि बीते एक साल में कई जानलेवा हादसे हुए, लेकिन प्रशासनिक जवाबदेही तय नहीं की गई।
सियासी घमासान तेज
भाजपा जहां अपने एक साल के कार्यकाल को विकास और सेवा का प्रतीक बता रही है, वहीं विपक्ष इसे अव्यवस्था और विफलताओं का साल करार दे रहा है। वर्षगांठ के मौके पर दिल्ली की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं और आने वाले समय में यह सियासी टकराव और बढ़ने के संकेत दे रहा है।



