
2 लाख नौकरियां देना तो दूर, सीईटी तक नहीं करवा रही भाजपा सरकार- दीपेंद्र हुड्डा
वादे से मुकरी बीजेपी, कौशल कर्मियों को किया जा रहा नौकरी से बाहर- दीपेंद्र हूड्डा
2 लाख नौकरियां देना तो दूर, सीईटी तक नहीं करवा रही भाजपा सरकार- दीपेंद्र हुड्डा
- वादे से मुकरी बीजेपी, कौशल कर्मियों को किया जा रहा नौकरी से बाहर- दीपेंद्र हूड्डा

कोसली, 21 फरवरी ।रोहतक से लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि भाजपा अपनी चिर-परिचित नीति के तहत बेरोजगारों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। 2 लाख पक्की नौकरियां देने का वादा करके सत्ता में आई बीजेपी सीईटी तक नहीं करवा रही। भर्तियों के इंतजार में ओवर ऐज हो रहे लाखों बेरोजगार युवा लगातार सीईटी और नई भर्तियों का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन हमेशा की तरह सरकार द्वारा तारीख पर तारीख दी जा रही है।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा आज ओमप्रकाश डाबला की माता जी स्वर्गीय लाजवन्ती के निधन व ओमप्रकाश भारद्वाज के पिता की रसम्पगड़ी व शौक सभा के मौके पर उनके निवास स्थान कोसली पहुंचे थे। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और नमन किया। हुड्डा ने डाबला के निवास स्थान पर कई लोगों से मुलाकात की और सभी का हालचाल जाना।
इस मौके पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले बीजेपी ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगे सभी 1.20 लाख कर्मचारियों को पक्का करने का ऐलान किया था। इतना ही नहीं बीजेपी ने चुनाव के दौरान कांग्रेस के खिलाफ झूठ भी फलाया। उसने झूठ बोला कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो कौशल निगम को खत्म करके सभी कच्चे कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया जाएगा। जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में सभी कौशल कर्मियों को नियमित करने और उचित वेतन बढ़ोतरी का वादा किया था। लेकिन चुनाव के बाद बीजेपी के झूठ की सच्चाई सबके सामने आ गई। अपने ही वादे से मुकरते हुए बीजेपी ने सरकार बनते ही कौशल निगम कर्मियों को नौकरी से निकालना शुरू कर दिया। एक-एक करके हर विभाग से सरकार ने कौशल निगम कर्मियों की छटनी शुरू कर दी है। कच्ची नौकरी और न्यूनतम वेतन के सहारे गुजर-बसर कर रहे कर्मियों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
इतना ही नहीं इस सरकार ने नेशनल हेल्थ मिशन के तहत लगे 16000 कर्मियों के साथ भी अन्याय किया है। सरकार ने उनकी वेतन वृद्धि और अन्य लाभ देने के फैसले पर भी रोक लगा दी है। एक-एक करके बीजेपी सभी वर्गों को अपने निशाने पर ले रही है। इससे स्पष्ट है कि बीजेपी सिर्फ चुनाव जीतने के लिए झूठे वादे करती है, उसे असल में जनसरोकार से कोई वास्ता नहीं है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री जगदीश यादव,पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह यादव,सोनू हूडा, दीवान सिंह, दीवान सिंह चौहान,श्याम चेयरमैन,सुरेंद्र चेयरमैन,कैलाश बाई,अविनाश यादव,रामकिशन सरपंच ,एडवोकेट सुरेश यादव,होशियार लम्बरदार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

