देश

Ayodhya News: सरयू नदी से बरामद हुआ लापता एसआई का शव, 5 फरवरी से थे गायब; बस्ती में निभा रहे थे थाना प्रभारी की जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रविवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सरयू नदी में एक पुलिस उप निरीक्षक का शव पानी में तैरता हुआ देखा गया। बाद में शव की पहचान एसआई अजय गौड़ के रूप में हुई, जो बस्ती जिले के परसरामपुर थाने में प्रभारी थानाध्यक्ष के पद पर तैनात थे। वह बीते 5 फरवरी से लापता चल रहे थे और उनकी तलाश लगातार की जा रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अयोध्या कोतवाली क्षेत्र और बस्ती जिले की सीमा से लगे इलाके में नयाघाट से दशरथ समाधि स्थल की ओर निर्माणाधीन हाईवे के पास कुछ नाविकों ने सरयू नदी में एक शव को उतराते हुए देखा। नाविकों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और जल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकालकर तिहुरा माझा क्षेत्र के पास रखा गया। पहचान की प्रक्रिया के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि शव बस्ती जिले में तैनात उप निरीक्षक अजय गौड़ का है। इसके बाद अयोध्या पुलिस ने बस्ती पुलिस को मामले की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह और दर्शन नगर चौकी इंचार्ज बृजभूषण पाठक समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाकों में जांच-पड़ताल शुरू की।

बताया जा रहा है कि एसआई अजय गौड़ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए थे। उनके अचानक गायब होने के बाद पुलिस विभाग में चिंता का माहौल था और कई स्तरों पर उनकी तलाश की जा रही थी। अजय गौड़ मूल रूप से देवरिया जिले के निवासी थे और 2015 बैच के उप निरीक्षक बताए जा रहे हैं।

एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि शव किस जिले की सीमा में मिला है। सीमा निर्धारण के बाद ही यह तय किया जाएगा कि पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी प्रक्रिया अयोध्या पुलिस करेगी या बस्ती पुलिस। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि मौत की वजह को लेकर कोई निष्कर्ष अभी नहीं निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह दुर्घटना है, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है और साथी अधिकारी गहरे सदमे में हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button