
बाइक चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार, चोरी की तीन वारदातों का हुआ खुलासा।
रेवाड़ी, ओमप्रकाश डाबला
चौकी जगन गेट पुलिस ने बाइक चोरी करने के मामले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान बिहार के जिला वैशाली के गांव कादिलपुर हाल किरायेदार मोहल्ला गुर्जरवाडा रेवाड़ी निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गई एक बाइक व एक स्कूटी को बरामद किया है।
जांचकर्ता ने बताया गत 02 मार्च को मौहल्ला कायस्थवाडा रेवाड़ी निवासी सतीश कुमार ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह 27 फरवरी को अपनी बाइक से रेवाड़ी के बीएमजी मॉल में शोपिंग के लिए गया था। उसने अपनी बाइक को बीएमजी मॉल के साथ वाली गली में खड़ी किया था। जब वह वापस आया तो उनकी बाइक गायब मिली। जिसे कोई नाम पता नामालूम व्यक्ति चोरी करके ले गया है। जिस पर पुलिस ने थाना शहर रेवाड़ी में चोरी का मामला दर्ज करके मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए मामले में संलिप्त एक आरोपी राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक बाइक व एक स्कूटी को बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
आरोपी ने चोरी की दो अन्य वारदात भी कबूली
पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी ने माडल टाऊन थाना क्षेत्र से एक स्कूटी तथा धारूहेड़ा थाना क्षेत्र से एक बाइक चोरी की दो अन्य वारदात को भी कबूल किया है।
