
‘राधे-राधे’ कहने पर मासूम से मारपीट, प्राचार्य पर 50 हजार जुर्माना
भिलाई के नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित मदर टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां महज साढ़े तीन साल की नर्सरी छात्रा के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किया गया। बच्ची का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने स्कूल में ‘राधे-राधे’ कहा, जिससे प्राचार्य ईला ईवन कौलविन नाराज हो गईं।

आरोप है कि गुस्से में आकर प्राचार्य ने न सिर्फ बच्ची को डांटा, बल्कि उसकी पिटाई भी की और उसके मुंह पर टेप चिपका दिया। यह घटना जुलाई 2025 की बताई जा रही है, जिसने अब फिर से तूल पकड़ लिया है।
जब बच्ची घर पहुंची तो वह बेहद डरी-सहमी हुई थी। उसने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई, जिसके बाद उसके पिता प्रवीण यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्राचार्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और किशोर न्याय अधिनियम 2015 के तहत एफआईआर दर्ज की।
जांच के दौरान प्राचार्य को गिरफ्तार भी किया गया, हालांकि बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई। अब इस मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्राचार्य पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
इस घटना के बाद से इलाके में लोगों का गुस्सा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक मासूम बच्ची के साथ इस तरह का व्यवहार पूरी तरह अमानवीय है और यह मानसिक प्रताड़ना का गंभीर मामला है। शिक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।
