उत्तर प्रदेश

प्रेम संबंध बना मौत की वजह, युवक को मारकर जलाया

प्रेम-प्रसंग में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई और पहचान छिपाने के लिए उसके शव को खंदक में फेंककर पेट्रोल डालकर जला दिया गया। यह सनसनीखेज मामला तब सामने आया जब लोगों ने खंदक में एक जला हुआ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। जांच में मृतक की पहचान 24 वर्षीय अमित जाटव के रूप में हुई, जो ऊमरी पुरा गांव का रहने वाला था।

बताया जा रहा है कि अमित पिछले कई वर्षों से मध्य प्रदेश के लहार क्षेत्र में अपने ताऊ के घर रह रहा था। इसी दौरान उसका अपने गांव की एक युवती से प्रेम संबंध हो गया था। हालांकि, वर्ष 2025 में युवती की शादी कैलिया गांव में हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। अमित अक्सर उससे मिलने आता-जाता रहता था।

24 मार्च को भी अमित अपने दोस्त मनीष के साथ बाइक से युवती से मिलने उसके ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान युवती के पति को इस बात की जानकारी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर पति ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर अमित की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को करीब चार किलोमीटर दूर खंदक में फेंक दिया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, ताकि उसकी पहचान न हो सके।

25 मार्च को जब स्थानीय लोगों ने जली हुई लाश देखी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और बाद में शव की पहचान अमित के रूप में हुई। मृतक के पिता गिरजा शंकर ने युवती, उसके पति और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार, इस हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग ही मुख्य वजह है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पति के रिश्तेदार भी इस वारदात में शामिल हो सकते हैं। कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने आरोपियों को शव जलाते हुए देखा था, लेकिन उन्होंने यह सोचकर ध्यान नहीं दिया कि वे कोई कचरा जला रहे हैं।

अमित अपने परिवार में सात बहनों का इकलौता भाई था और बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस अब सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button