
टटीरी’ गाने विवाद पर लुक आउट नोटिस जारी होने के बाद अब बादशाह ने मांगी माफी; बोले- मैं खुद हरियाणा से हूं..
पंचकूला पुलिस ने उनके हाल ही में जारी गीत/वीडियो टटीरी के मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी
*‘टटीरी’ गाने विवाद पर लुक आउट नोटिस जारी होने के बाद अब बादशाह ने मांगी माफी; बोले- मैं खुद हरियाणा से हूं…*
गायक आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह ने अपने विवादित गीत टिटहरी के लिए माफी मांग ली है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके बादशाह ने कहा कि जो गीत आया है उससे कई लोगों खासकर हरियाणा के लोगों को ठेस पहुंची है। बादशाह ने कहा कि संबंधित गीत में महिलाओं और बेटियों के लिए वह शब्द नहीं थे, जिन्हें इस गीत के कारण ठेस पहुंची है इसके लिए मैं माफी मांगता हूं। उन्होंने कहा गीत के एक हिस्से में लिरिक्स के कारण लोगों को ठेस पहुंची है। खुद को हरियाणा का बताते हुए उन्होंने कहा कि मेरा ऐसा उद्देश्य नहीं था कि किसी महिला या बेटी के सम्मान को ठेस पहुंचे।
पंचकूला पुलिस ने उनके हाल ही में जारी गीत/वीडियो टटीरी के मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपी देश छोड़कर बाहर न जा सके। इसके साथ ही पंचकूला पुलिस ने संबंधित वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर मामला दर्ज
इस संबंध में साइबर थाना सेक्टर-20, पंचकूला में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही बादशाला जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इसके अतिरिक्त गीत में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक व अशोभनीय शब्दों का प्रयोग भी पाया गया है।

