
पंचकूला में ज्यादातर आपराधिक वारदातों में असामाजिक तत्वों द्वारा चाकू का प्रयोग किया जा रहा है।
तीन इंच से लम्बे चाकू के खरीदने एवं बेचने पर बैन लगाया जाए- ओ पी सिहाग
पंचकूला में ज्यादातर आपराधिक वारदातों में असामाजिक तत्वों द्वारा चाकू का प्रयोग किया जा रहा है।
तीन इंच से लम्बे चाकू के खरीदने एवं बेचने पर बैन लगाया जाए- ओ पी सिहाग
पंचकूला, 5 मार्च: जननायक जनता पार्टी पंचकूला के जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने पंचकूला में खराब होती जा रही कानून व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए कहा है कि कोई ऐसा दिन नहीं जाता जब जिले में कोई वारदात नहीं हो। यहां पर छीना झपटी , चैन स्नैचिंग, मारपीट, लूट खसोट की घटनाओं में बढ़ोतरी होने के साथ हत्याओं के भी काफी मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में जो ज्यादातर वारदातें हो रहीं हैं उनमे बदमाश किस्म के नशेड़ी लोगों द्वारा बहुत ही बड़े घातक चाकुओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। जजपा ज़िला अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि तीन इंच से ज्यादा लम्बे चाकुओं के बेचने एवं खरीदने पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
जजपा ज़िला अध्यक्ष सिहाग ने कहा कि इस जिले में लगातार खराब हो रही कानून व्यवस्था के लिए सबसे बड़ा कारण इस शहर में हर रोज वेरी वेरी इम्पोर्टेंट पर्सनज की आवाजाही है। यहां पर प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर केंद्र तथा प्रदेश के मंत्रीगण एवं अन्य माननीय लोग हर दूसरे तीसरे दिन किसी न किसी सरकारी कार्यक्रम में आते रहते हैं। इसके अतिरिक्त पंचकूला में सत्तारूढ़ पार्टी का मुख्यालय भी है वहां पर पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रदेश के मंत्री, मुख्यमंत्री एवं अन्य बड़े नेताओं का आना जाना होता है। ओ पी सिहाग ने कहा कि ज्यादातर पुलिस के अधिकारी/कर्मचारी उनकी सुरक्षा एवं आवभगत में लगे रहते हैं इसलिए आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी होती है।
जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा कि जिले की पुलिस चौकियों एवं थानों में पहले ही पुलिस स्टाफ की कमी है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी द्वारा काफी दफा इस मुद्दे को उठाया गया है। हमने प्रदेश सरकार से मांग की थी कि वी आई पी लोगों की सुरक्षा हेतू स्थानीय थानों की पुलिस को न लेकर अलग से फोर्स लगाई जाए परंतु इसका कोई असर नहीं पड़ा। हमारी प्रदेश के मुख्यमंत्री जिनके पास प्रदेश का गृहमंत्रालय का कार्यभार भी है से मांग है कि पंचकूला जो प्रदेश की अघोषित राजधानी है ,यहां पर लोगों की हिफाजत करने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाए। यहां पुलिस चौकियों एवं थानों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाए।

