
दो दिन सूखी रह सकती हैं टोंटियां, रखरखाव कार्य से दिल्ली के कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित
राजधानी दिल्ली में 11 और 12 फरवरी को पानी की सप्लाई आंशिक रूप से बाधित रहने की संभावना है। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने जानकारी दी है कि निर्धारित मरम्मत और सफाई कार्य के चलते 48 से ज्यादा इलाकों में पानी या तो कम दबाव से आएगा या कुछ समय के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। ऐसे में लोगों को पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।

क्या है वजह?
डीजेबी के मुताबिक, भूमिगत जलाशयों और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों की वार्षिक सफाई की जा रही है। इसके साथ ही शक्ति नगर रेलवे ब्रिज के पास स्थित एक बड़ी पाइपलाइन में लीकेज की मरम्मत भी तय की गई है। यह पाइपलाइन पटेल रोड ऑनलाइन बूस्टर पंपिंग स्टेशन को पानी सप्लाई करती है। मरम्मत के कारण चंद्रावल वॉटर वर्क्स को लगभग एक दिन के लिए बंद रखना पड़ेगा, जिससे उससे जुड़े इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी।
11 फरवरी को किन इलाकों में असर?
बुधवार को हिरणकूदना, बक्करवाला गांव, लोकनायक पुरम, टिकरी गांव, मुंडका, नीलवाल गांव, किशनगढ़, महरौली, स्वर्ण पार्क, एलआईजी पुल प्रहलादपुर और एचआर ब्लॉक पुल प्रहलादपुर जैसे क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है। इन जगहों पर पानी या तो नहीं आएगा या बहुत कम दबाव से मिलेगा।
12 फरवरी को बढ़ेगा दायरा
गुरुवार को अर्जुन पार्क, इंद्रा पार्क, नांगली सकरावती, प्रेम विहार, निरंजन पार्क, नागली विहार एक्सटेंशन, जेमिनी पार्क, घासीपुरा गांव, राणा जी एन्क्लेव, श्याम विहार (फेस-1 और 2), दीनपुर, पपरावत, नया बाजार, विजय पार्क, साईं बाबा एन्क्लेव, रोशन मंडी, नाथूराम पार्क, दीपक विहार, अजय पार्क, मकसूदाबाद, लोकेश पार्क, वीरेंद्र मार्केट, पीटीसी झाड़ौदा, पंचमुखी मंदिर और लाल कुआं क्षेत्र में सप्लाई बाधित हो सकती है।
इसके अलावा सिविल लाइंस, कमला नगर, शक्ति नगर, करोल बाग, पहाड़गंज, एनडीएमसी क्षेत्र, पुराना और नया राजिंदर नगर, पटेल नगर (पूर्वी और पश्चिमी), बलजीत नगर, प्रेम नगर, इंदरपुरी और कैंट क्षेत्र के कुछ हिस्से भी प्रभावित रह सकते हैं।
जल बोर्ड की अपील
जल बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत के हिसाब से पानी पहले से जमा कर लें और इन दो दिनों में पानी का उपयोग सोच-समझकर करें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह काम जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त और मजबूत बनाने के लिए जरूरी है।
टैंकर सेवा रहेगी उपलब्ध
जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए कंट्रोल रूम और संबंधित क्षेत्रों के हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। नागरिक 1916 (टोल फ्री) पर संपर्क कर सकते हैं या अपने इलाके के वॉटर इमरजेंसी नंबर पर सूचना दे सकते हैं।
क्या रखें ध्यान?
पीने के पानी का पर्याप्त भंडारण पहले कर लें।
अनावश्यक पानी की बर्बादी से बचें।
टैंकर की जरूरत हो तो समय पर सूचना दें।
सुबह-शाम की सीमित सप्लाई के दौरान पानी भरने का प्रयास करें।
दिल्ली में बढ़ती आबादी और पुरानी पाइपलाइन व्यवस्था के बीच इस तरह का रखरखाव जरूरी माना जा रहा है। हालांकि दो दिन की परेशानी से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन विभाग का दावा है कि इससे भविष्य में जल संकट की स्थिति बेहतर होगी।
फिलहाल, दिल्लीवासियों के लिए जरूरी है कि वे अलर्ट रहें और पानी की हर बूंद का सही इस्तेमाल



