हरियाणा

अंबाला में तेज हवा और बारिश का असर: खेतों में गिरी गेहूं की फसल, किसानों की चिंता बढ़ी

अंबाला जिले में शुक्रवार को हुई बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। मौसम के अचानक बदले मिजाज के कारण कई गांवों में गेहूं की फसल खेतों में गिर गई, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही सरसों और गन्ने की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना बनी हुई है।

मुलाना क्षेत्र सहित जिले के कई हिस्सों में सुबह से शाम तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने सबसे अधिक असर गेहूं की फसल पर डाला। किसानों के अनुसार इस समय गेहूं की फसल बढ़वार की अवस्था में होती है और ऐसे समय तेज हवा या बारिश से फसल का गिर जाना पैदावार को सीधे तौर पर प्रभावित करता है।

किसान रामअवतार, शीशपाल और अभिषेक ने बताया कि कई खेतों में गेहूं की फसल पूरी तरह से बिछ गई है। इससे दाने के विकास और कटाई के समय नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि सरसों की फसल भी तेज हवा के कारण जमीन पर गिर गई है, जिससे फलियों को नुकसान हो सकता है।

इसके अलावा गन्ने की फसल पर भी मौसम की मार पड़ी है। तेज हवाओं से गन्ने की कतारें अस्त-व्यस्त हो गई हैं, जिन्हें दोबारा खड़ा करने और संभालने में किसानों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। किसानों का कहना है कि अगर मौसम इसी तरह खराब रहा तो नुकसान और बढ़ सकता है।

किसानों ने चिंता जताई कि लगातार बदलते मौसम ने उनकी मेहनत पर संकट खड़ा कर दिया है। कई महीनों की मेहनत के बाद खड़ी फसल को इस तरह नुकसान पहुंचते देख किसान मायूस हैं। इसी तरह की स्थिति जिले के अन्य इलाकों में भी सामने आई है, जहां बारिश और तेज हवाओं ने फसलों को प्रभावित किया है।

किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button