
गणतंत्र दिवस 2026 पर दिल्ली मेट्रो का बदला शेड्यूल: 26 जनवरी को सुबह 3 बजे से शुरू होंगी सेवाएं
गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली में निकलने वाली भव्य परेड और समारोहों को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया है। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के उद्देश्य से 26 जनवरी 2026, सोमवार को दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं तड़के सुबह 3 बजे से शुरू की जाएंगी।

डीएमआरसी के अनुसार, 26 जनवरी को सुबह 3 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक मेट्रो ट्रेनों का संचालन सभी लाइनों पर 15 मिनट के अंतराल पर किया जाएगा। इससे परेड देखने जाने वाले दर्शकों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को समय पर पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। सुबह 6 बजे के बाद मेट्रो सेवाएं पूरे दिन सामान्य समय-सारणी के अनुसार चलती रहेंगी।
दिल्ली मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और शुरुआती मेट्रो सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें। गणतंत्र दिवस के दिन सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहने के कारण मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त जांच की जाएगी। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
डीएमआरसी ने यह भी बताया कि इस दिन मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा सामान्य रूप से उपलब्ध रहेगी। इससे निजी वाहन से आने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और वे आसानी से मेट्रो से यात्रा कर सकेंगे।
नमो भारत स्टेशनों पर अस्थायी रोक
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) की ओर से जारी सूचना के अनुसार, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। यह व्यवस्था 25 जनवरी दोपहर 2 बजे से 26 जनवरी दोपहर 2 बजे तक लागू रहेगी।
एनसीआरटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस दौरान अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाएं और अतिरिक्त समय लेकर स्टेशन पहुंचें। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में बढ़ी हुई सुरक्षा और यातायात प्रतिबंधों को देखते हुए मेट्रो सेवाएं यात्रियों के लिए सबसे सुगम विकल्प साबित होंगी।



