
झांसी: नशे की पार्टी में गोलियां चलीं, मंडी में मचा हड़कंप, पांच युवक गिरफ्तार
झांसी के भोजला मंडी इलाके में गुरुवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शराब के नशे में धुत युवकों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। अचानक चली गोलियों से पूरा इलाका दहल उठा। मंडी में काम कर रहे कारोबारी और मजदूर डर के मारे अपनी-अपनी दुकानों में दुबक गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को हिरासत में ले लिया, जबकि दो आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए।

पुलिस के मुताबिक, इस घटना का मुख्य आरोपी आढ़त कारोबारी अमित अग्रवाल का 20 वर्षीय बेटा माधव अग्रवाल है। बताया गया कि माधव अपने दोस्तों के साथ भोजला मंडी स्थित सरकारी गोदाम के पास शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान वह अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल लेकर पहुंचा और नशे की हालत में फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, माधव ने कम से कम तीन राउंड फायर किए।
घटना के समय मौके पर भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष संतोष सोनी का बेटा अमन सोनी भी मौजूद था। शराब पार्टी में कुल सात युवक शामिल थे। इनमें माधव अग्रवाल के अलावा मानिक चौक टकसाल निवासी हर्षवर्धन गोस्वामी (27), बड़ा बाजार निवासी अंशुल गुप्ता (33), गांधीघर के टपरा निवासी अमन सोनी (23) और गोसाईपुरा निवासी शोएब खान (27) शामिल हैं। वहीं, मिनर्वा निवासी गर्भ जैन और मानिक चौक दूध वाली गली निवासी अदनान खान पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि सभी युवक कार में तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर डांस कर रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान फायरिंग होने लगी। आधी रात को अचानक गोलियों की आवाज सुनकर मंडी में अफरा-तफरी मच गई। कई कारोबारियों ने तुरंत अपनी दुकानें बंद कर लीं और खुद को सुरक्षित किया। कुछ लोगों ने हिम्मत कर पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दो युवक भाग निकले, जबकि पांच को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान माधव अग्रवाल के पास से एक पिस्टल बरामद की गई। पूछताछ में उसने बताया कि पिस्टल उसके पिता अमित अग्रवाल के नाम पर लाइसेंसी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 45 कारतूस भी बरामद किए हैं। हर्षवर्धन गोस्वामी के पास से 7 कारतूस, अमन सोनी के पास से 20 कारतूस, शोएब खान के पास से 7 कारतूस और अंशुल गुप्ता के पास से भी 7 कारतूस मिले। इसके अलावा मौके से तीन खाली खोखे और अंशुल गुप्ता के पास से 33,700 रुपये नकद भी बरामद किए गए। घटना में इस्तेमाल की गई तीन लग्जरी कारों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि सभी पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यावसायिक क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही और हथियारों का गलत इस्तेमाल बेहद चिंताजनक है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



