देश

कीवियों ने भारत में तोड़ा 38 साल का सूखा, इंदौर में वनडे सीरीज जीतकर रचा इतिहास

भारतीय सरजमीं पर न्यूजीलैंड ने वह कर दिखाया, जो अब तक सिर्फ एक सपना था। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इसके साथ ही कीवी टीम ने भारत में पहली बार द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया।

यह हार भारत के लिए कई मायनों में चौंकाने वाली रही। इंदौर में टीम इंडिया को वनडे क्रिकेट में पहली बार पराजय झेलनी पड़ी, जबकि इससे पहले यहां लगातार सात मुकाबले जीते जा चुके थे। इसके अलावा घरेलू मैदानों पर टॉस जीतने के बाद 13 मैचों से चला आ रहा जीत का सिलसिला भी टूट गया।

मिचेल–फिलिप्स ने बदला मैच का रुख

पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत लड़खड़ाई, लेकिन डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने पारी को संभालते हुए भारत की पकड़ ढीली कर दी। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 219 रनों की विशाल साझेदारी की। मिचेल ने 137 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि फिलिप्स ने 106 रन ठोककर स्कोर को 337 तक पहुंचा दिया।

कोहली लड़े, टीम चूकी

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शीर्ष क्रम पूरी तरह बिखर गया। रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जल्दी आउट हो गए। संकट के समय विराट कोहली ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार शतक जमाया। कोहली ने 124 रन बनाकर अपना 85वां अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया।

अंत में हर्षित राणा ने आक्रामक अंदाज़ में अर्धशतक लगाया, लेकिन रनरेट के दबाव में भारतीय पारी 46 ओवर में 296 रन पर सिमट गई।

­

भारत में न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक जीत

38 साल बाद भारत में वनडे सीरीज जीतकर न्यूजीलैंड ने अपने क्रिकेट इतिहास का सुनहरा अध्याय लिखा। वहीं, टीम इंडिया के लिए यह हार घरेलू क्रिकेट में एक बड़ा झटका साबित हुई।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button