उत्तर प्रदेश

पूर्वोत्तर से अवध तक दौड़ी विकास की रफ्तार! आज पहली बार पटरी पर उतरी डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस

गोरखपुर। देश के रेल नक्शे पर आज एक नया इतिहास जुड़ गया। पूर्वोत्तर भारत को उत्तर प्रदेश से सीधे जोड़ने वाली डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस ने आज पहली बार पटरी पर उतरकर अपनी ताकत दिखाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल से इस हाईटेक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले दिन यह ट्रेन उद्घाटन स्पेशल के रूप में चली, जबकि जल्द ही इसका नियमित संचालन शुरू किया जाएगा।

डिब्रूगढ़ से निकलकर शक्तिपीठ मां कामाख्या, बिहार और पूर्वांचल के बड़े शहरों से गुजरते हुए यह ट्रेन गोरखपुर, अयोध्या धाम और अंत में लखनऊ के गोमतीनगर तक पहुंचेगी। 22 कोचों से सजी यह अमृत भारत एक्सप्रेस सिर्फ एक ट्रेन नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के बीच दूरी मिटाने का बड़ा कदम मानी जा रही है।

पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 05949 आज सुबह 11 बजे डिब्रूगढ़ से रवाना हुई। यह ट्रेन मोराणहाट, सिमालगुड़ी, मरियानी, फरकाटिंग, दीमापुर, छपरा, सीवान और देवरिया सदर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए आगे बढ़ेगी। सोमवार रात 12:45 बजे गोरखपुर से चलकर खलीलाबाद, मनकापुर, अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट होते हुए यह ट्रेन सुबह 9 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी।

इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत है इसकी अत्याधुनिक सुरक्षा तकनीक। अमृत भारत एक्सप्रेस में सेमी ऑटोमैटिक कपलर, क्रैश ट्यूब और ईपी-असिस्टेड ब्रेक सिस्टम लगाया गया है, जिससे आपात स्थिति में पल भर में ब्रेक लग सके। इतना ही नहीं, ट्रेन को कवच सिस्टम से लैस किया गया है, जो टक्कर जैसी बड़ी दुर्घटनाओं को रोकने में सक्षम है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस ट्रेन के शुरू होने से पूर्वोत्तर, बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर मिलेगा। साथ ही व्यापार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। अमृत भारत एक्सप्रेस को रेल विकास की नई रफ्तार का प्रतीक माना जा रहा है, जो आने वाले दिनों में यात्रियों की पहली पसंद बन सकती है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on X-twitter Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Back to top button